ICC टेस्ट रैंकिंग: रविन्द्र जडेजा गेंदबाजी के साथ ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी पहले स्थान पर पहुंचे

श्रीलंका-भारत कोलंबो टेस्ट और इंग्लैंड-दक्षिण अफ्रीका ओल्ड ट्रेफर्ड टेस्ट के बाद रविन्द्र जडेजा गेंदबाजी के साथ-साथ ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अपने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के कारण मैन ऑफ़ द मैच रहे जडेजा ने शाकिब अल हसन को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया है। गेंदबाजों की रैंकिंग में वो पहले से ही पहले स्थान पर थे और उन्होंने अपना स्थान बरकरार रखा। टॉप 10 में हालाँकि रविचन्द्रन अश्विन को एक स्थान के नुकसान हुआ है और वो तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। ओल्ड ट्रेफर्ड टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करने वाले जेम्स एंडरसन दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। रंगना हेराथ दो स्थान के नुकसान से पांचवें और डेल स्टेन एक स्थान के नुकसान से आठवें स्थान पर चले गए हैं। स्टुअर्ट ब्रॉड एक स्थान के फायदे से सातवें स्थान पर हैं। टॉप 10 के बाहर भारत के मोहम्मद शमी तीन स्थान के फायदे से टॉप 20 में शामिल हो गए हैं और वो फ़िलहाल 20वें स्थान पर हैं। उमेश यादव को भी तीन स्थान का फायदा हुआ है और वो 22वें स्थान पर हैं। हार्दिक पांड्या ने टॉप 100 में प्रवेश कर लिया है और फ़िलहाल 96वें स्थान पर हैं। इंग्लैंड के मोइन अली 18वें और टोबी रोलैंड-जोन्स 10 स्थान के फायदे से 44वें स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के डुआने ओलिवियर 27 स्थानों के जबरदस्त फायदे से 51वें स्थान पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से इंग्लैंड के खिलाफ मैन ऑफ़ द सीरीज रहे मोर्ने मोर्कल 13वें स्थान पर हैं। ऑलराउंडरों की रैंकिंग में रविन्द्र जडेजा के पहले स्थान पर आने से शाकिब अल हसन दूसरे और रविचन्द्रन अश्विन तीसरे स्थान पर चले गए हैं। मोइन अली चौथे और बेन स्टोक्स पांचवें स्थान पर बरकरार हैं। वर्नन फिलैंडर छठे स्थान पर कायम हैं। श्रीलंका के दिलरुवान परेरा नौवें और रंगना हेराथ 10वें स्थान पर हैं। टॉप 10 गेंदबाज:

रैंक गेंदबाज देश रेटिंग
1 रविंद्र जडेजा भारत 893
2 जेम्स एंडरसन इंग्लैंड 860
3 रविचंद्रन अश्विन भारत 842
4 जोश हेज़लवुड ऑस्ट्रेलिया 826
5 रंगना हेराथ श्रीलंका 817
6 कगिसो रबाडा दक्षिण अफ्रीका 785
7 स्टुअर्ट ब्रॉड इंग्लैंड 775
8 डेल स्टेन दक्षिण अफ्रीका 763
9 वर्नन फिलैंडर दक्षिण अफ्रीका 751
10 नील वैगनर न्यूजीलैंड 745