भारत ने गुरुवार को कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक दूसरे वन-डे में इंग्लैंड को 15 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बनाई। भारत ने पहले बल्लेबाजी की और युवराज सिंह (150) व महेंद्र सिंह धोनी (134) के शतकों की मदद से 50 ओवर में 381/6 का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में इंग्लैंड ने कप्तान इयोन मॉर्गन (102) और जेसन रॉय (82) की दमदार पारियों की मदद से 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 366 रन बनाए। यह भी पढ़ें : युवराज और धोनी की धमाकेदार वापसी के बाद ट्विटर पर लगा बधाइयों का अंबार भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे वन-डे में बने आंकड़े इस प्रकार हैं :
- भारत ने घर में इंग्लैंड के खिलाफ लगातार पांचवीं द्विपक्षीय वन-डे सीरीज जीती। मेहमान टीम ने आखिरी बार 1984-85 में यहां सीरीज जीती थी।
- विराट कोहली ने पूर्णकालिक कप्तान के रूप में अपनी पहली एकदिवसीय सीरीज जीती, वह ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बने। उनसे पहले सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ यह कारनामा कर चुके हैं।
- भारत ने आज 381/6 का स्कोर बनाया, इसके साथ ही वन-डे में सर्वाधिक 350 से अधिक रन बनाने के मामले में उसने दक्षिण अफ्रीका के रिकॉर्ड को तोड़ा। भारतीय टीम ने 23 बार 350 से अधिक रन बनाए जबकि दक्षिण अफ्रीका 22 बार ऐसा करने में कामयाब रही।
- युवराज ने 150 रन बनाए और इंग्लैंड के खिलाफ वन-डे में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। इसके चलते उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा।
- युवराज सिंह ने 6 वर्ष के बाद वन-डे में शतक लगाया। इससे पहले उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2011 विश्व कप में शतक लगाया था जो चेन्नई में खेला गया था।
- एमएस धोनी और युवी के बीच हुई 256 रन की साझेदारी इंग्लैंड के खिलाफ चौथे विकेट के लिए भारत की तरफ से सर्वश्रेष्ठ है।
- वन-डे इतिहास में चौथे विकेट के लिए भारत की तरफ से धोनी-युवराज की दूसरी सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है। मोहम्मद अजहरुद्दीन और अजय जडेजा ने इसी मैदान पर ज़िम्बाब्वे के खिलाफ 275 रन की साझेदारी की थी, जो रिकॉर्ड अब भी बरक़रार है।
- धोनी और युवराज के बीच यह 10वीं शतकीय साझेदारी रही। यह पांचवीं भारतीय जोड़ी बन गई है, जिसने वन-डे क्रिकेट में 100 से अधिक रन की 10 या अधिक बार साझेदारी की है।
- युवराज ने अपने वन-डे करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ स्कोर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2004 में बना जब सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर 139 रन की पारी खेली थी।
- धोनी ने तीन वर्ष बाद वन-डे में शतक जमाया। इससे पहले उन्होंने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में नाबाद 139 रन की पारी खेली थी।
- इंग्लैंड के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर बनाने के मामले में युवराज सिंह विश्व के बल्लेबाजों में छठें स्थान पर मौजूद हैं।
- धोनी भारत की तरफ से सर्वाधिक छक्के ज़माने वाले पहले बल्लेबाज और विश्व में चौथे बल्लेबाज बने।
- 381/6 का स्कोर भारत का वन-डे में 9वां सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
- 747 रन मैच में बने। भारत में यह किसी वनडे में बनने वाला दूसरा स्कोर। इससे पहले 2009-10 में भारत-श्रीलंका मैच में 825 रन बने थे
- 200 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बने धोनी। उनसे पहले भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 195 छक्के सचिन तेंदुलकर ने लगाए थे
- 4000 रन भारतीय सरजमीं पर बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने धोनी
- 3000 से ज्यादा रन धोनी-युवराज ने साझेदारियों से जोड़े हैं
Edited by Staff Editor