प्रमुख भारतीय खिलाड़ी को ख़ास अंदाज में मिला प्रपोजल, जल्द ही करेंगी सगाई 

Ankit
वेदा कृष्णमूर्ति को अर्जुन होएसला ने किया प्रपोज
वेदा कृष्णमूर्ति को अर्जुन होएसला ने किया प्रपोज

भारतीय महिला क्रिकेटर वेदा कृष्णामूर्ति (Veda Krishnamurthy) जल्द ही सगाई करने वाली हैं। दिलचस्प बात यह है कि वेदा के होने वाले मंगेतर अर्जुन होएसला (Arjun Hoysala) भी क्रिकेट खिलाड़ी हैं। 29 वर्षीय वेदा को हाल ही में अर्जुन ने प्रपोज किया था। वहीं न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक वेदा 18 सितंबर को बेंगलुरु में सगाई करेंगी।

फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रही वेदा को अर्जुन ने घुटने के बल बैठकर प्रपोज किया, जिस पर भारतीय महिला क्रिकेटर ने हामी भर दी। अर्जुन ने अपने इंस्टाग्राम के जरिए वेदा के साथ प्रपोज की फोटो शेयर की है। तस्वीर में देखा जा सकता है कि वेदा और अर्जुन खूबसूरत पहाड़ी पर एक-दूसरे के साथ मौजूद हैं। वहीं इस समय भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर मौजूद मेघना सबबिनेनी ने भी वेदा को प्रपोज किए जाने की तस्वीर में रिएक्ट किया है।

वेदा आखिरी बार भारत के लिए मार्च 2020 में खेलती हुई नजर आई थी। टी-20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को शिकस्त मिली थी और वेदा उस मैच के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल सकी है। उन्होंने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है, लेकिन वह अपनी जगह पक्की करने के लिए संघर्ष कर रही हैं। इसके अलावा बीसीसीआई ने वेदा को खिलाड़ियों की अनुबंधित सूची से हटा दिया है।

वेदा ने भारत की ओर से 48 वनडे मैच खेले, जिसमें 25.90 की औसत और 76.90 की स्ट्राइक रेट से 829 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 71 के सर्वोच्च स्कोर के साथ आठ अर्धशतक भी लगाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 76 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें 18.61 की औसत से 875 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए हैं।

अगर अर्जुन की बात करें तो वह एक बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 2016 में कर्नाटक के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। इसके अलावा वह कर्नाटक प्रीमियर लीग में भी खेल चुके हैं।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar