IPL 2017 : टी20 क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बने क्रिस गेल

वेस्टइंडीज और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल ने मंगलवार को गुजरात लायंस के खिलाफ इतिहास रच दिया। गेल टी20 क्रिकेट इतिहास में 10,000 रन पूरे करने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बन गये हैं। 37 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज ने बासिल थंपी की गेंद पर थर्डमैन की दिशा में शॉट खेलकर यह उपलब्धि हासिल की। गेल 12 वर्षों से टी20 क्रिकेट में सक्रिय हैं। जमैका के बल्लेबाज ने इस दौरान 19 घरेलू टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए 290 मैच खेले। विस्फोटक ओपनर ने टी20 क्रिकेट में अब तक 18 शतक और 60 अर्धशतक जड़े हैं। गेल उस वेस्टइंडीज टीम के सदस्य भी रहे, जिसने 2012 और 2016 में वर्ल्ड टी20 का ख़िताब जीता। गेल ने 2013 आईपीएल में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ नाबाद 175 रन की पारी खेली थी जो कि टी20 इतिहास में अब तक सर्वश्रेष्ठ है। गेल का रिकॉर्ड लंबे समय तक बरक़रार रहने की उम्मीद है क्योंकि अन्य बल्लेबाज जो इस सूची में शामिल है, वह काफी पीछे है। टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम दूसरे स्थान पर है। मैकुलम ने 270 मैचों में 7,000 से अधिक रन बनाए हैं। डेविड वॉर्नर और किरोन पोलार्ड भी शीर्ष पांच बल्लेबाजों की सूची में शामिल हैं। गेल को टी20 क्रिकेट में दुनिया का पहला 10 हजारी बल्लेबाज बनने के लिए 03 रनों की दरकार थी। टी20 क्रिकेट के स्पेशलिस्ट गेल इस मैच से पहले 289 टी20 मैचों में 40.47 की औसत से 9997 रन बना चुके थे। आईपीएल जब शुरू हुआ उस वक्त गेल को इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए 63 रनों की दरकार थी। वे सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 32 और दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 6 रन बनाकर आउट हुए थे। जबकि किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्हें खेलने का मौका नहीं मिल पाया था। सर्वाधिक टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची इस प्रकार है :

नंबर नाम मैच रन स्ट्राइक-रेट समय
1. क्रिस गेल 290* 10000* 149.48* 2005-2017*
2. ब्रेंडन मैकुलम 271* 7411* 137.95* 2005-2017*
3. ब्रैड हॉज 270 7338 131.27 2003-2017
4. डेविड वॉर्नर 225* 7011* 143.90* 2007-2017
5. किरोन पोलार्ड 361* 6967* 151.48* 2006-2017
6. शोएब मलिक 271 6909 123.44 2005-2017
7. ड्वेन स्मिथ 288* 6766* 126.91 2006-2017
8. विराट कोहली 201* 6575* 132.90 2007-2017
9. सुरेश रैना 248* 6538* 138.81* 2006-2017
10. ल्यूक राईट 266* 6296* 144.80* 2004-2017