IPL 2017 फाइनल: मुंबई इंडियंस ने राइजिंग पुणे सुपरजायंट को 1 रन से हराया, रिकॉर्ड तीसरी बार जीता खिताब

हैदराबाद में खेले गए आईपीएल 2017 के बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने राइजिंग पुणे सुपरजायंट को 1 रन से हराकर ख़िताब पर कब्ज़ा कर लिया। मुंबई इंडियंस के 129/8 के जवाब में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने 20 ओवरों में 128/6 का स्कोर ही बना सकी और मुंबई ने रिकॉर्ड तीसरी बार आईपीएल का खिताब जीता। चेन्नई सुपरकिंग्स और कोलकाता नाइटराइडर्स ने इससे पहले 2-2 बार आईपीएल का खिताब जीता था और मुंबई इंडियंस ने ये रिकॉर्ड तोड़ दिया। राइजिंग पुणे सुपरजायंट का आईपीएल में ये आखिरी मैच था और उनके खिताबी जीत की उम्मीदें पूरी नहीं हुई। अगले साल आरपीएस और गुजरात लायंस की टीमें आईपीएल में नहीं दिखेंगी। क्रुणाल पांड्या को उनकी बेहतरीन पारी के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और ये गलत साबित हुआ। तीसरे ओवर तक पार्थिव पटेल (4) और लेंडल सिमंस (3) आउट हो चुके थे। आठवें ओवर में अम्बाती रायडू (12) भी आउट हो गए। 11वें ओवर में एडम ज़ाम्पा की गेंद पर रोहित शर्मा (24) और किरोन पोलार्ड (7) भी आउट हो गए और मुंबई का स्कोर 65/5 हो गया था। 14वें ओवर में हार्दिक पांड्या (10) और 15वें ओवर में कर्ण शर्मा (1) वापस पवेलियन लौटे और 79/7 के स्कोर पर पुणे बेहद मजबूत स्थिति में थी। यहाँ से क्रुणाल पांड्या ने 47 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को 20 ओवरों में 129/8 के स्कोर तक पहुंचाया। क्रुणाल आखिरी गेंद पर आउट हुए और उससे पहले उन्होंने मिचेल जॉनसन (13) के साथ 50 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। पुणे की तरफ से एक बार फिर जयदेव उनादकट ने बहुत ही बढ़िया गेंदबाजी की और सिर्फ 19 रन देकर 2 विकेट लिए। एडम ज़ाम्पा और डेनियल क्रिस्चन ने भी 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य के जवाब में राहुल त्रिपाठी (3) तीसरे ओवर में आउट हो गए। इसके बाद अजिंक्य रहाणे और कप्तान स्टीव स्मिथ ने 54 रनों की साझेदारी तो निभाई, लेकिन रन रेट को वो तेज़ी नहीं दे पाए। रहाणे ने 38 गेंदों में 44 रन बनाये। इसके बाद स्मिथ का साथ देने धोनी आये, लेकिन उन्हें जसप्रीत बुमराह ने 17वें ओवर में आउट करके पुणे को जोरदार झटका दिया। पुणे को इस समय जीत के लिए 22 गेंदों में 32 रनों की जरूरत थी। स्टीव स्मिथ काफी धीमी बल्लेबाजी कर रहे थे और टीम को लक्ष्य तक पहुँचने की जिम्मेदारी उनके ऊपर ही थी। 18वें ओवर में मलिंगा ने सिर्फ 7 रन दिए और मैच मुंबई की तरफ झुकता हुआ नज़र आने लगा। 19वें ओवर में स्टीव स्मिथ ने अपना अर्धशतक पूरा किया और बुमराह के इस ओवर में 12 रन बन गये। आखिरी 6 गेंदों में पुणे को जीत के लिए 11 रन चाहिए था और गेंद मिचेल जॉनसन के पास थी। आखिरी ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर दूसरी गेंद पर मनोज तिवारी (7) आउट हो गए। तीसरी गेंद पर मिचेल जॉनसन ने स्टीव स्मिथ (51) को भी चलता किया और मैच बेहद रोमांचक स्थिति में पहुंच चुकी थी। आखिरी गेंद पर पुणे को 4 रन बनाने थे, लेकिन क्रिस्चन सिर्फ 2 रन ही ले सके और मुंबई ने 1 रन से मुकाबला जीत लिया। पुणे के खिलाफ इस सीजन में लगातार तीन मैच हारने के बाद मुंबई ने इस बड़े मुकाबले में जीत दर्ज की। मुंबई इंडियंस की तरफ से मिचेल जॉनसन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 26 रन देकर तीन विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह ने भी सिर्फ 26 रन देकर 2 विकेट लिए। लसिथ मलिंगा और कर्ण शर्मा ने भी काफी किफायती गेंदबाजी की। स्कोरकार्ड: मुंबई इंडियंस: 129/8 (क्रुणाल पांड्या 47, जयदेव उनादकट 2/19) राइजिंग पुणे सुपरजायंट: 128/6 (स्टीव स्मिथ 51, मिचेल जॉनसन 3/26, बुमराह 2/26)

Edited by Staff Editor
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications