IPL 2017: मुंबई इंडियंस अंक तालिका में टॉप पर पहुंची, आरसीबी की एक और हार

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2017 के 38वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 5 विकेट से हरा दिया। मुंबई की टीम की ये 10 मैचों में आठवीं जीत है और वो अब अंक तालिका में टॉप पर पहुँच गए हैं। आरसीबी की ये 11 मैचों में नौवीं हार है। रोहित शर्मा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। आरसीबी के 162 के जवाब में मुंबई ने एक गेंद पहले ही लक्ष्य हासिल कर लिया। विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। शेन वॉटसन की आज टीम में वापसी हुई और आरसीबी ने एक बार फिर गेल को टीम से बाहर ही रखा। पहले विकेट के लिए कोहली ने मंदीप सिंह (17) के साथ 31 रन जोड़े, लेकिन 9 रनों के अंदर मंदीप और कोहली (20) आउट हो गए और आरसीबी की पारी फिर से मुश्किल में आ गई थी। एबी डीविलियर्स ने यहाँ 43 रनों की तेज़ पारी खेली और ट्रैविस हेड (12) के साथ 45 रनों की साझेदारी निभाई। मुंबई इंडियंस ने फिर इसके बाद वापसी की और 14वें ओवर में आरसीबी का स्कोर 108/5 हो गया था। यहाँ से केदार जाधव (28) और पवन नेगी (35) ने छठे विकेट के लिए 54 रन जोड़कर टीम को 160 के पार पहुंचाया। मिचेल मैक्लेनेघन ने आखिरी ओवर में सिर्फ 5 रन दिए और दो लगातार गेंदों में दो विकेट लिए। इन 2 विकेटों सहित मुंबई ने आखिरी ओवर में आरसीबी के 3 विकेट लिए और मेहमान टीम ने 162/8 का सम्मानजनक स्कोर बनाया। मुंबई इंडियंस की तरफ से मैक्लेनेघन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। क्रुणाल पांड्या ने 2 और जसप्रीत बुमराह एवं कर्ण शर्मा ने 1-1 विकेट लिया। जवाब में मुंबई की शुरुआत काफी खराब रही और पहली ही गेंद पर अनिकेत चौधरी ने पार्थिव पटेल को आउट कर दिया। इसके बाद जोस बटलर (33) ने नितीश राणा (27) के साथ 61 रन जोड़े, लेकिन 9 रनों के अंदर दोनों पवेलियन में थे। 10 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 74/3 था और उन्हें जीत के लिए 60 गेंदों में 89 रनों की जरूरत थी। 13वें ओवर में किरोन पोलार्ड (17) भी चहल की गेंद पर आउट हो गए और आरसीबी के सामने अब सिर्फ रोहित शर्मा चुनौती थे। क्रुणाल पांड्या 14वें ओवर में 2 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए और मुंबई इंडियंस को एक बड़ा झटका लगा। 15 ओवर के बाद स्कोर 114/4 हो चुका था और मुंबई को जीत के लिए 30 गेंदों में 49 रनों की जरूरत थी। 17वें ओवर में शेन वॉटसन ने कर्ण शर्मा (9) को चलता किया और आखिरी 18 गेंदों में मुंबई इंडियंस को जीत के लिए 30 रनों की जरूरत थी। अनिकेत चौधरी के अगले ओवर में 12 रन आये और 12 गेंदों में मुंबई इंडियंस को जीत के लिए 18 रनों की जरूरत थी। रोहित शर्मा ने 19वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया और मुंबई इंडियंस ने 20वें ओवर में 5 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। रोहित ने आईपीएल में अपने 4000 रन भी पूरे किये। स्कोरकार्ड: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: 162/8 (एबी डीविलियर्स 43, मिचेल मैक्लेनेघन 3/34) मुंबई इंडियंस: 165/5 (रोहित शर्मा 56*, पवन नेगी 2/17)

Edited by Staff Editor
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications