IPL 2017: राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को हराया

बैंगलोर में खेले गए आईपीएल 2017 के एक मुकाबले में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने मेजबान टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 27 रनों से हरा दिया है। पुणे की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161/8 का स्कोर बनाया था, जिसके जवाब में आरसीबी 134/9 का स्कोर ही बना सकी। मनोज तिवारी ने पुणे के लिए धुआंधार पारी खेली थी और उसके बाद गेंदबाजों ने पुणे को इस आईपीएल की दूसरी जीत दिला दी। बैंगलोर की ये 5 मैचों में चौथी हार है। पुणे ने चिन्नास्वामी में किसी भी मेहमान टीम द्वारा सबसे कम लक्ष्य को बचाने का रिकॉर्ड भी बनाया। बेन स्टोक्स को मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया था। आरसीबी में आज क्रिस गेल की जगह शेन वॉटसन और टायमल मिल्स की जगह एडम मिल्न को मौका दिया गया था। पुणे की टीम में भी जयदेव उनदकट को शामिल किया गया था। अजिंक्य रहाणे (30) और राहुल त्रिपाठी (31) ने आरपीएस को 63 रनों की बढ़ियार तेज़ शुरुआत दी। हालांकि आठवें और नौवें ओवर में दोनों बल्लेबाज आउट हो गए और पुणे का स्कोर उस समय 69/2 था। यहाँ से कप्तान स्टीव स्मिथ (27) ने महेंद्र सिंह धोनी (28) के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े, लेकिन दोनों तेज़ी से बल्लेबाजी नहीं कर पाए। धोनी के आउट होने के बाद पुणे की पारी कदम से लड़खड़ा गई और जो स्कोर एक समय 127/2 था, वो कुछ ही देर बाद 130/7 हो गया। बेन स्टोक्स (2) और डेनियल क्रिस्चियन (1) फ्लॉप रहे। मनोज तिवारी ने यहाँ 11 गेंदों में 27 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली और राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने उनकी बदौलत 161/8 का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। आरसीबी की तरफ से एडम मिल्न और श्रीनाथ अरविन्द ने 2-2 विकेट लिए। सैमुएल बद्री, शेन वॉटसन और पवन नेगी ने 1-1 विकेट लिया। जवाब में आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मंदीप सिंह एक बार फिर खाता खोले बिना ही आउट हो गए। छठे ओवर में विराट कोहली भी 28 रनों की तेज़ पारी खेलकर स्टोक्स की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद एबी डीविलियर्स ने केदार जाधव के साथ 29 रन जोड़े, लेकिन बैंगलोर के लिए जरुरी रन रेट काफी ज्यादा हो रहा था। इसी दबाव में एबीडी 29 रनों की धीमी पारी खेलकर इमरान ताहिर की गेंद पर आउट हो गए। 15वें ओवर में केदार जाधव के 18 और 16वें ओवर में शेन वॉटसन के 14 रनों पर आउट होने के बाद आरसीबी की जीत मुश्किल दिखने लगी थी। आखिरी 4 ओवरों में आरसीबी को जीत के लिए 60 रनों की जरूरत थी। स्टुअर्ट बिन्नी ने तेज़ 18 रन बनाये लेकिन 18वें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने पवन नेगी (11) और बिन्नी, दोनों को चलता कर बैंगलोर की रही-सही उम्मीदों को भी खत्म कर दिया। 19वें ओवर में जयदेव उनदकट ने सैमुएल बद्री को खाता खोले बिना आउट कर दिया। आखिरी ओवर में स्टोक्स ने एडम मिल्न को भी आउट कर दिया और आरसीबी ने 20 ओवरों में 134 का स्कोर बनाया। पुणे की तरफ से शार्दुल ठाकुर और बेन स्टोक्स ने 3-3, जयदेव उनदकट ने 2 और इमरान ताहिर ने 1 विकेट लिया। स्कोरकार्ड: राइजिंग पुणे सुपरजायंट: 161/8 (राहुल त्रिपाठी 31, अजिंक्य रहाणे 30, एमएस धोनी 28, एडम मिल्न 2/27) रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: 134/9 (एबी डीविलियर्स 29, बेन स्टोक्स 3/18, शार्दुल ठाकुर 3/35)

Edited by Staff Editor