IPL 2018: 5 बल्लेबाज़ जो मुंबई इंडियंस टीम में सलामी बल्लेबाज़ की ज़िम्मेदारी संभाल सकते हैं

आईपीएल 2018 शुरु होने में अब कुछ ही दिन बच गए हैं और इसके लिए सभी टीम ने अपनी तैयारियां कर लीं हैं। मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे कामयाब टीम है और 11वें सीज़न में इस टीम से काफ़ी उम्मीदें हैं। मुंबई के पास मज़बूत बैटिंग लाइन-अप के साथ साथ ज़बरदस्त डेथ बॉलिंग आक्रमण भी मौजूद है। एक बार फिर ये टीम टी-20 के इस महाकुंभ में धमाल मचाने को तैयार है। हम यहां उन 5 बल्लेबाज़ों के बारे में चर्चा कर रहे हैं जो आने वाले आईपीएल सीज़न में मुंबई इंडियंस टीम की तरफ़ से ओपनिंग बल्लेबाज़ी की ज़िम्मेदारी संभाल सकते हैं।

Ad

#5 सिद्धार्थ लाड

युवा क्रिकेटर सिद्धार्थ लाड का जन्म मुंबई में हुआ है, वो भारतीय घरेलू सर्किट के सबसे उभरते हुए खिलाड़ियों में से एक हैं। मुंबई टीम में सिद्धार्थ को मुश्किल वक़्त में उबारने वाला खिलाड़ी कहा जाता है। इस साल की विजय हजारे ट्रॉफ़ी में उन्होंने 62.16 की औसत से 373 रन बनाए हैं, वो 2017-18 के सीजन में 5वें सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इसके अलावा इस साल सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में उन्होंने 38.71 की औसत और 138.26 की स्ट्राइक रेट से 271 रन बनाए थे। इस साल की आईपीएल नीलामी में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 20 लाख में ख़रीदा है। ये मुंबई के लिए बेहद किफ़ायती सौदा साबित हुआ है, क्योंकि सिद्धार्थ एक अच्छे सलामी बल्लेबाज़ हैं। अगर उन्हें रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कराई जाती है तो ये टीम के लिए फ़ायदेमंद साबित हो सकता है। टी-20 के आंकड़े- मैच : 24 | रन : 464 | औसत : 29.00 | स्ट्राइक रेट : 120.51

#4 आदित्य तारे

आदित्य तारे पहली बार तब सुर्ख़ियों में आए थे जब उन्होंने मुंबई इंडियंस की तरफ़ से खेलते हुए आईपीएल के 7वें सीज़न में राजस्थान रॉयल्स के ख़िलाफ़ यादगार छक्का लगाया था। उनके इसी छक्के की बदौलत मुंबई इंडियंस टीम प्लेऑफ़ में पहुंची थी और राजस्थान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। हांलाकि इस साल के विजय हजारे ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन कुछ ख़ास नहीं था, लेकिन हाल ही में हुए सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में उन्होंने 24.16 की औसत और 151.04 के स्ट्राइक रेट से 145 रन बनाए थे। साल 2018 की आईपीएल नीलामी के दौरान मुंबई इंडियंस ने उन्हें 20 लाख रुपये में ख़रीदा है। तारे ओपनिंग बल्लेबाज़ी के अलावा विकेटकीपिंग भी कर सकते हैं। टी-20 के आंकड़े- मैच : 84 | रन : 1689 | औसत : 26.80 | स्ट्राइक रेट : 131.95

#3 ईशान किशन

झारखंड के ईशान किशन को मुंबई टीम में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज़ शामिल किया गया है। घरेलू सर्किट में उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। उन्होंने साल 2017-18 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी में 34.12 की औसत और 145.98 के स्ट्राइक रेट से 273 रन बनाए हैं। ईशान के पास ख़ुद को साबित करने का पूरा मौक़ा है। मुंबई इंडियंस टीम में वो विकेटकीपिंग के साथ-साथ ओपनिंग की भी ज़िम्मेदारी संभाल सकते हैं। टी-20 के आंकड़े- मैच : 41 | रन : 919 | औसत : 22.97 | स्ट्राइक रेट : 124.18

#2 एविन लुईस

एविन लुईस त्रिनिदाद के बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज़ हैं। ये उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं जिन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 2 या इससे ज़्यादा शतक लगाए हैं। टीम इंडिया के फ़ैंस उन्हें इसलिए याद रखते हैं क्योंकि उन्होंने अपने दोनों टी-20 अंतराष्ट्रीय शतक भारतीय टीम के ख़िलाफ़ ही ठोंके हैं। लुईस कैरिबियाई टीम में ओपनिंग करते हैं और उन्हें भविष्य का क्रिस गेल कहा जाता है। मुंबई इंडियंस टीम में वो ओपनिंग के बेहतरीन विकल्पों में से एक हैं। इस टीम में वो रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग कर सकते हैं जिससे टीम को शुरुआती रन बनाने में आसानी हो। टी-20 के आंकड़े- मैच : 84 | रन : 2657 | औसत : 34.06 | स्ट्राइक रेट : 146.06

#1 रोहित शर्मा

मुंबई टीम में सलामी बल्लेबाज़ी के लिए रोहित शर्मा से बेहतर खिलाड़ी कोई और हो ही नहीं सकता। अगर उनसे ओपनिंग कराई जाती है तो इसमें हैरानी की कोई बात नहीं होगी। उनकी विस्फोटक बल्लेबाज़ी की वजह से उन्हें ‘हिटमैन’ कहा जाता है। वो अपनी ताक़त, समझदारी और सटीक बल्लेबाज़ी के लिए जाने जाते हैं। उनके बारे में विराट कोहली कहते हैं कि “रोहित दुनिया के हर बल्लेबाज़ से दो कदम आगे रहते हैं”। इस साल मुंबई की टीम में पार्थिव पटेल, जोस बटलर और लेंडल सिमन्स शामिल नहीं हैं। ऐसे में रोहित शर्मा के कंधों पर बल्लेबाज़ी की बड़ी जिम्मेदारी है। रोहित मुंबई टीम के लिए लगातार ओपनिंग करते हुए नज़र आए हैं। चूंकि मौजूदा टीम में अनुभवी सलामी बल्लेबाज़ों की कमी है, ऐसे में रोहित ही टीम के लिए ओपनिंग करेंगे। टी-20 के आंकड़े- मैच : 270 | रन : 7030 | औसत : 32.39 | स्ट्राइक रेट : 132.66 लेखक- वैभव जोशी अनुवादक- शारिक़ुल होदा

Edited by Staff Editor
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications