IPL 2018: 5 खिलाड़ी जो अगले सीज़न में बन सकते हैं मुंबई इंडियंस का हिस्सा

मुंबई इंडियंस के यह आईपीएल सीज़न बहुत ही बुरा रहा। कप्तान रोहित शर्मा की ख़राब फॉर्म के साथ साथ पूरी टीम में कभी भी जीतने की भूख नहीं दिखी। हालाँकि सूर्यकुमार यादव ने बल्ले और हार्दिक पांड्या ने गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन किया। सूर्यकुमार यादव 512 रनों के साथ टीम के सबसे ज्यादा रन स्कोरर रहे तो वहीँ हार्दिक पांड्या ने गेंदबाज़ी में वाहवाही बटोरी लेकिन पांड्या बल्लेबाज़ी में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। इसके अलावा युवा बल्लेबाज़ ईशान किशन से मुंबई को काफी उम्मीदें थीं लेकिन उन्होंने निराश किया। मुंबई इंडियंस एक बेहतरीन टीम है लेकिन इस सीज़न में उन्होंने निराशाजनक प्रदर्शन किया है और अगले सीज़न में उन्हें टीम में कुछ अहम बदलाव करने की ज़रूरत है। तो आइए विश्लेषण करते हैं ऐसे 5 खिलाड़ियों का जिनको मुंबई टीम प्रबंधन अगले सीज़न के लिए टीम में शामिल करने पर विचार कर सकता है।

जेसन होल्डर

जेसन होल्डर एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में अपनी बल्लेबाज़ी में काफी सुधार किया है। युवा वेस्ट इंडियन कप्तान बल्ले और गेंद दोनों के साथ एक उपयोगी खिलाड़ी हैं, ऐसे में वह मुंबई इंडियंस के लिए एक वढ़िया विकल्प साबित हो सकते हैं। ताज्जुब की बात है कि इस साल की आईपीएल नीलामी में किसी भी टीम ने उनके लिए बोली नहीं लगाई। लेकिन अगले साल शायद ऐसा ना हो क्यूंकि कई टीमें इस समय ऑलराउंडर की कमी से जूझ रही हैं, ख़ासकर मुंबई इंडियंस उनको अपनी टीम में शामिल करना चाहेगी। गेंदबाज़ी में उनकी गति और उछाल मुंबई के गेंदबाज़ी आक्रमण को और मजबूत बना सकता है, इसके साथ साथ वह तेज़ी से रन बनाने में भी माहिर हैं।

जे जे स्मट्स

जॉन-जॉन ट्रेवर स्मट्स एक ऐसा नाम है जिसने क्रिकेट जगत में अभी बहुत नाम नहीं कमाया है लेकिन दक्षिण अफ्रीका के यह युवा बल्लेबाज़ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना प्रभाव डालने में सक्षम हैं। स्मट्स सलामी बल्लेबाज़ और बाएं हाथ के स्पिनर हैं। उनकी बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी उन्हें मुंबई इंडियंस के लिए एक सहज विकल्प बनाती है। उन्होंने नियमित रूप से दक्षिण अफ्रीका की घरेलू लीग में जबरदस्त प्रदर्शन किया है और वह जल्द ही राष्ट्रीय टीम में जगह बनाएंगे। हालाँकि उन्होंने भारतीय पिचों पर कभी नहीं खेला है और आईपीएल में मुंबई द्वारा उनका चयन जोखिम भरा निर्णय हो सकता है लेकिन उनकी क्षमता को देखते हुए मुंबई टीम प्रबंधन उनके नाम पर विचार कर सकता है।

डेविड विज़े

डेविड विज़े आईपीएल सीज़न 2015 और 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका के यह ऑलराउंडर मध्य क्रम के बेहतरीन बल्लेबाज हैं और उनकी आक्रामक शैली और जुझारूपन को देखते हुए मुंबई इंडियंस उनके नाम पर विचार कर सकती है। बल्ले के अलावा वह गेंद से भी योगदान दे सकते हैं। वह अपनी ऑलराउंडर क्षमता से किसी भी मैच का पासा पलटने की क्षमता रखते हैं। आईपीएल में उनका अनुभव मुंबई इंडियंस के लिए फायदेमंद होगा और बाकी के खिलाड़ियों की अपेक्षा उनको अंतराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का भी अनुभव है, ऐसे में अगले सीज़न में वह मुंबई इंडियंस के लिए उपयुक्त खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।

एंडिल फेहलुकवायो

इस साल की आईपीएल नीलामी में दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर एंडिल फेहलुकवायो को नजरअंदाज कर दिया गया था, लेकिन यह दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज़ मुंबई इंडियंस के लिए एक अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। फेहलुकवायो ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में बढ़िया शुरुआत की है और वर्तमान में वह अपनी राष्ट्रीय टीम में वनडे और टी -20 प्रारूप के नियमित खिलाड़ी हैं। उनके पास बल्ले और गेंद दोनों के साथ बेहतरीन प्रदर्शन करने की क्षमता है। ज़रूरत पड़ने पर वह किफायती गेंदबाज़ी करने और विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं, जो निश्चित रूप से उन्हें मुंबई इंडियंस के लिए उपयुक्त विकल्प बनाती है।

डेविड विली

इस सूची के अंतिम खिलाड़ी हैं इंग्लिश क्रिकेटर डेविड विली। विली वैसे तो अपनी गेंदबाज़ी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उन्होंने बल्ले से भी कई उपयोगी पारियां खेली हैं। हालांकि उनको ऑलराउंडर नहीं कहा जा सकता लेकिन इस बात से भी इनकार नहीं किया जाता है कि विली के पास बल्ले और गेंद दोनों के साथ मैच का पासा पलटने की क्षमता है। उनका जुझारूपन और प्रतिस्पर्धी दृष्टिकोण उन्हें एक मूल्यवान खिलाड़ी बनाते हैं। इस सीज़न में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने केदार जाधव के प्रतिस्थापन के रूप में टीम में शामिल किया था हालाँकि अगले सीज़न में जाधव के टीम में वापिस लौट आने के बाद उनका टीम में बने रहना मुश्किल होगा। ऐसे में मुंबई इंडियंस इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी को टीम में जगह दे सकती है। लेखक: मासूम अली अनुवादक: आशीष कुमार