आईपीएल 2018: 5 खिलाड़ी जिन्हें मुंबई इंडियंस आरटीएम के ज़रिए कर सकती है रिटेन

malinga

आईपीएल के मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अपनी कोर टीम को बरकरार रखा है और अब राइट टू मैच प्रावधान के माध्यम से अपने अन्य स्टार खिलाड़ियों को बनाए रखने की तलाश में होगी। मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को क्रमशः 15 करोड़, 11 करोड़ और 7 करोड़ रूपये के साथ अपने टीम में बनाए रखने की घोषणा की है। 3 खिलाड़ियों को बनाए रखने पर अब उनके पास 2 राइट टू मैच कार्ड और नीलामी के लिए 47 करोड़ रुपये हैं। ऐसे में मुंबई इंडियंस एक विदेशी खिलाड़ी और एक अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी को बरकरार रख सकते हैं क्योंकि उन्होंने पहले से ही 3 भारतीय खिलाड़ियों को अपने साथ रिटेन कर लिया है। 27 और 28 जनवरी को होने वाली नीलामी में मुंबई इंडियंस अपनी बाकी टीम का चुनाव करेगी। इस नीलामी में वह यहां राइट टू मैच कार्ड का उपयोग करके कुछ संभावित खिलाड़ियों को टीम में रोक सकती है:

#5 लसिथ मलिंगा

आईपीएल के इतिहास में 150 से अधिक विकेट हासिल करने वाले एकमात्र खिलाड़ी लसिथ मलिंगा को मुंबई इंडियंस टीम में वापस ला सकती है। लसिथ मलिंगा श्रीलंकाई टीम की तरफ से खेलने वाले अब तक के सर्वश्रेष्ठ तेज़ गेंदबाज़ों में से एक हैं। मलिंगा ने मुंबई इंडियंस के लिए 110 मैचों खेले हैं और वह तीन बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की विनर टीम का हर बार एक अभिन्न हिस्सा रहे हैं। मलिंगा डेथ ओवर के विशेषज्ञ माने जाते हैं और वह जसप्रीत बुमराह के साथ मिलकर टीम की गेंदबाजी कमान संभाल सकते हैं। मुंबई इंडियंस इस श्रीलंकाई खिलाड़ी को टीम में बनाए रखने के लिए थोड़ा और अधिक खर्च करने से पीछे नहीं हटेगी और निश्चित रूप से उसे बरकरार रखना मुंबई इंडियंस और प्रशंसकों के लिए बहुत मजबूती प्रदान करेगा।

#4 नीतीश राणा

rana

राइट टू मैच कार्ड के लिए तेजतर्रार और साहसिक बल्लेबाज नीतीश राणा शीर्ष दावेदार बन गये हैं। राणा ने 126.13 की स्ट्राइक रेट के साथ 3 अर्धशतक लगाकर अपने खाते में 333 रन जमा किए हैं और टीम में सबसे अधिक विश्वसनीय बल्लेबाज़ों में से एक हैं। बीसीसीआई के साथ एक साक्षात्कार के दौरान, राणा ने प्रशंसा करते हुए बताया कि उन्होंने बल्लेबाजी कोच महेला जयवर्धने और सचिन तेंदुलकर के मार्गदर्शन में अपनी बल्लेबाजी कौशल को किस तरह से विकसित किया है। राणा आईपीएल 2017 के शुरुआती चरणों में ऑरेंज कैप के शीर्ष दावेदारों में से थे। उन्होंने घरेलू सर्किट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, जिससे वह मुंबई इंडियंस के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प बन गये हैं।

#3 मिचेल मैकलेनाघन

mitchell

मिचेल मैकलेनाघन ने 2015 के सीज़न में मुंबई इंडियंस की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह आईपीएल के पिछले दो संस्करणों में शीर्ष विकेट लेने वाले 10 खिलाड़ियों में से हैं। मैकलेनाघन ने अपने केंद्रीय अनुबंध में न्यूजीलैंड की जगह 2017 के सत्र में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने का फैसला किया था। नियमित अंतराल पर विकेट लेने की उनकी क्षमता ने उन्हें टीम में जगह दी और उन्होंने अपने प्रदर्शन की बदौलत कप्तान व सहायक स्टाफ का विश्वास भी जीता है। मैकलेनाघन के विकेट लेने की आदत मुंबई की सफलता के लिए एक कुंजी थी और मुंबई इंडियंस अपनी इस कुंजी को खोना नहीं चाहेगी।

#2 काइरोन पोलार्ड

pollard

मुंबई इंडियंस अपने प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने के बाद अब अपने पूर्व मजबूत विदेशी खिलाड़ियों को बनाए रखने की तलाश करेगी। काइरोन पोलार्ड सर्वश्रेष्ठ विदेशी धाकड़ ऑलराउंडर है जिसने कभी मुंबई इंडियंस की तरफ से खेला है। पोलार्ड धीमी मध्यम गति वाली गेंदबाजी करने में माहिर हैं और मध्य-क्रम में बड़े-बड़े शॉट लगाने के लिए जाने जाते है। पोलार्ड को 2010 में मुंबई इंडियंस के द्वारा खरीदा गया था और तब से उनके लिए वह टीम के स्टार खिलाड़ी रहे हैं। इसके अलावा वह एक उत्कृष्ट क्षेत्ररक्षक भी साबित हुए है। अगर आंकड़ों की बात की जाए तो पोलार्ड ने अपने 135 पारियों में 2846 रन बनाए हैं। वह 146.24 की शानदार औसत के साथ रोहित शर्मा के बाद मुंबई इंडियंस के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं। पोलार्ड ने 97 पारियों में 66 विकेट लेकर गेंदबाजी विभाग में भी अपना योगदान दिया है। निश्चित रूप से मुंबई अपने इस प्रमुख ऑलराउंडर को छोड़ना नहीं चाहेगा।

#1 क्रुणाल पांड्या

krunalpandya

क्रुणाल पांड्या ने आईपीएल नीलामी 2016 में मुंबई इंडियंस द्वारा 2 करोड़ रुपये में खरीदे जाने पर समीक्षकों को हैरान कर दिया था। जल्द ही उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ सिर्फ 37 गेंदों से 86 रन की पारी के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर दिखाया। 2016 के सीज़न में उन्होंने 12 मैचों में 191.12 की अद्भुत स्ट्राइक रेट के साथ 237 रन बनाए व अपने नाम 6 विकेट भी किए। अगले सीजन में क्रुणाल ने अपने प्रदर्शन को जारी रखा और 243 रन बनाये। साथ ही 6.82 की इकॉनमी रेट के साथ 10 विकेट अपनी झोली में डाले। बड़ौदा के इस खिलाड़ी को आईपीएल 2017 के फाइनल के दौरान मुश्किल समय में 47 रनों की पारी खेलने के कारण प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया था। इसमें कोई आश्चर्य नहीं होगा कि अगर मुंबई इंडियंस ने इस अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी को अपनी टीम में बरकरार रखा। लेखक- आर्शीवाद करांडे अनुवादक- सौम्या तिवारी

Edited by Staff Editor