IPL 2021 - स्टीफन फ्लेमिंग ने बताया कि एम एस धोनी ने मैदान में जाने से पहले क्या कहा था

एम एस धोनी बल्लेबाजी के दौरान (Photo Credit - IPLT20)
एम एस धोनी बल्लेबाजी के दौरान (Photo Credit - IPLT20)

चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग (Stephen Fleming) ने खुलासा किया है कि कप्तान एम एस धोनी (MS Dhoni) ने बल्लेबाजी के लिए मैदान में जाने को लेकर क्या प्रतिक्रिया दी थी। फ्लेमिंग ने बताया है कि धोनी के क्रीज पर जाने से पहले क्या कुछ हुआ था।

एम एस धोनी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले क्वालीफायर मुकाबले में अपने पुराने अंदाज में नजर आए। वो ऐसे समय पर बल्लेबाजी के लिए आए जब टीम को आखिरी दो ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जरूरत थी। धोनी को जडेजा से पहले मैदान में आता देख हर कोई हैरान था। इसकी वजह ये थी कि धोनी फॉर्म में नहीं थे और जितने भी मैचों में उन्होंने बैटिंग की थी उसमें वो ज्यादा तेज गति से रन नहीं बना पाए थे। वहीं दूसरी तरफ जडेजा ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने में माहिर हैं।

एम एस धोनी ने धुआंधार पारी खेल टीम को दिलाई जीत

हालांकि धोनी ने आते ही धुआंधार बैटिंग करनी शुरू कर दी। उन्होंने आवेश खान के ओवर में जबरदस्त छक्का लगाया और फिर आखिरी ओवर में टॉम करन के खिलाफ तीन चौके लगाकर मैच फिनिश कर दिया। वो छह गेंद पर 18 रन बनाकर नाबाद रहे।

हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने बताया कि धोनी ने कहा था कि वो खुद बैटिंग के लिए जाएंगे और सबने उनका समर्थन किया। मैच के बाद उन्होंने कहा,

काफी सारी बातचीत हुई। हमने इतनी चर्चा काफी समय से नहीं की थी। तकनीकी पहलुओं पर काफी बात हुई। जब कप्तान की तरफ देखा गया तो उन्होंने कहा कि मैं बल्लेबाजी के लिए जाऊंगा। मैंने बिल्कुल भी इसका विरोध नहीं किया और उसका रिजल्ट हमें मिला। ये हमारे लिए इमोशनल लम्हा था। जब भी धोनी मैदान में जाते हैं हम उन्हें अच्छा प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देते हैं। हमें पता है कि उनसे कितनी उम्मीदें रहती हैं और उनके ऊपर कितना दबाव रहता है। एक बार फिर उन्होंने टीम को जीत दिलाई।

आपको बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स ने पहले खेलते हुए पृथ्वी शॉ और ऋषभ पंत के अर्धशतक की मदद से निर्धारित 20 ओवरों में 172/5 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने इस लक्ष्य को आखिरी ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

Quick Links