खलील अहमद और चेतन सकारिया के लिए करोड़ों में लगी बोली, नवदीप सैनी और जयदेव उनादकट नई टीम में शामिल

Nitesh
चेतन सकारिया को दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने खरीदा
चेतन सकारिया को दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने खरीदा

आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन (IPL 2022 Mega Auction) में भारत के तेज गेंदबाजों का जलवा लगातार देखने को मिल रहा है। ऑक्शन के दूसरे दिन खलील अहमद, चेतन सकारिया और नवदीप सैनी के लिए जमकर बोली लगी। खलील अहमद को दिल्ली कैपिटल्स ने 5 करोड़ 25 लाख और चेतन सकारिया को भी दिल्ली ने 4 करोड़ 20 लाख में खरीद लिया। जबकि नवदीप सैनी के लिए 2 करोड़ से ज्यादा की बोली लगी।

खलील अहमद के लिए मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच बिडिंग वॉर हुआ और आखिर में दिल्ली ने उन्हें 5 करोड़ 25 लाख में खरीद लिया। खलील अहमद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और दिल्ली की टीम के लिए वो काफी जबरदस्त साबित हो सकते हैं।

दुश्मंथा चमीरा के लिए लखनऊ और आरसीबी के बीच मुकाबला हुआ और आखिर में लखनऊ ने उन्हें 2 करोड़ में खरीदा। दुश्मंथा चमीरा पिछले सीजन आरसीबी का हिस्सा थे और इस बार वो लखनऊ के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।

चेतन सकारिया बने दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा

चेतन सकारिया के लिए कई टीमों ने बोली लगाई। आरसीबी और पंजाब किंग्स के बीच उनके लिए मुकाबला हुआ और राजस्थान रॉयल्स ने भी बिडिंग की। राजस्थान और दिल्ली कैपिटल्स के बीच उन्हें खरीदने के लिए काफी देर तक बिडिंग चली। सकारिया ने अपना आईपीएल डेब्यू राजस्थान के लिए ही किया था। हालांकि आखिर में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 4 करोड़ 20 लाख में खरीद लिया। उन्होंने अभी तक 38 टी20 मैचों में 51 विकेट लिए हैं।

नवदीप सैनी के लिए शुरूआत लखनऊ सुपर जायंट्स ने की। बाद में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच बिडिंग वॉर हुआ और राजस्थान ने उन्हें 2 करोड़ 60 लाख में खरीद लिया। जयदेव उनादकट के लिए मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला हुआ और आखिर में मुंबई ने उन्हें 1 करोड़ 30 लाख में खरीदा।

संदीप शर्मा को पंजाब किंग्स ने 50 लाख की उनकी बेस प्राइज में खरीदा। वहीं इशांत शर्मा, शेल्डन कॉट्रेल, नाथन कूल्टर-नाइल और लुंगी एन्गिडी जैसे गेंदबाज अनसोल्ड रहे।

Quick Links