सूर्यकुमार यादव की चोट को लेकर आया बड़ा अपडेट

सूर्यकुमार यादव को आईपीएल में खेलते हुए चोट लगी है
सूर्यकुमार यादव को आईपीएल में खेलते हुए चोट लगी है

सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। आईपीएल (IPL) के बचे हुए मैचों से बाहर होने के अलावा वह लम्बे समय के लिए मैदान से दूर रह सकते हैं। खबरों की मानें तो वह चार सप्ताह तक मैदान से बाहर रह सकते हैं। मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के लिए खेलते हुए आईपीएल में इस सीजन उन्होंने धाकड़ खेल दिखाया था।

क्रिकबज के अनुसार बीसीसीआई के सूत्रों ने खुलासा किया है कि मध्य क्रम का यह बल्लेबाज कम से कम चार सप्ताह के लिए बाहर हो जाएगा। 6 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुंबई इंडियंस के मैच के दौरान एक रन लेते हुए उनके बाएं हाथ में चोट लग गई थी। अगली सुबह वह एक सूजे हुए हाथ के साथ उठे। इसके बाद पता चला कि वह आईपीएल में बचे हुए मैचों से बाहर हो गए हैं।

इस सीजन मुंबई के लिए खेलते हुए सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। आठ मैचों में उन्होंने 300 से भी ज्यादा रन बनाए। इसमें उनके तीन अर्धशतक शामिल रहे। मुंबई इंडियंस ने एक रिलीज जारी करते हुए उनकी चोट के बारे में बताया। ऐसे में कहा जा सकता है कि मुंबई इंडियंस के लिए भी खबर अच्छी नहीं है।

सूर्यकुमार यादव इससे पहले भी चोटिल थे। श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में वह नहीं खेल पाए थे। चोट से ठीक होने के बाद वह मुंबई इंडियंस के लिए खेलने आए थे। अब एक बार फिर से वह लम्बे समय के लिए एक्शन से बाहर हो सकते हैं। देखना होगा कि रिकवरी में उनको कितने दिनों का समय लगता है। यह भी सामने आया है कि चोट के बाद वह बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी नहीं गए हैं। उनका मुंबई में ही स्कैन कराया जाएगा। देखना होगा कि चोट को लेकर आगे क्या जानकारी सामने आती है।

Quick Links

Edited by Naveen Sharma