IPL 2023 - एम एस धोनी खिलाड़ी ढूंढते नहीं, बल्कि बनाते हैं...युवा खिलाड़ियों के दम पर मैच जीतने को लेकर आई प्रतिक्रिया

एम एस धोनी (Photo Credit - IPLT20)
एम एस धोनी (Photo Credit - IPLT20)

एम एस धोनी (MS Dhoni) की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने जिस तरह से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को उनके ही घर में हराया, उससे पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि धोनी ने युवा खिलाड़ियों के दम पर एक बेहतरीन टीम बनाई है। आकाश चोपड़ा के मुताबिक बाकी सभी टीमें खिलाड़ी ढूंढती हैं लेकिन धोनी खुद खिलाड़ियों को तैयार करते हैं। इसके लिए उन्होंने शिवम दुबे का उदाहरण दिया, किस तरह से धोनी की कप्तानी में वो जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स ने बड़े स्कोर वाले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 8 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 226 रनों का विशाल स्कोर बनाया। डेवोन कॉनवे और शिवम दुबे ने धुआंधार पारी खेली। जवाब में आरसीबी ने भी काफी जबरदस्त बल्लेबाजी की। कप्तान फाफ डू प्लेसी और ग्लेन मैक्सवेल एक समय टीम को जीत की तरफ ले जा रहे थे लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद आरसीबी की टीम 218 रन तक ही पहुंच पाई और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

एम एस धोनी की कप्तानी में खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं - आकाश चोपड़ा

आकाश चोपड़ा के मुताबिक अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी धोनी की कप्तानी में जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अपने यू-ट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा,

अजिंक्य रहाणे को बैंगलोर पसंद है और उन्होंने काफी अच्छी बल्लेबाजी की। शिवम दुबे ने भी काफी बेहतरीन बैटिंग की। पहले वो आरसीबी का हिस्सा थे और उसके बाद राजस्थान रॉयल्स टीम का भी हिस्सा बने। धोनी के साथ आप क्या देखते हैं, बाकी टीमें खिलाड़ी ढूंढती हैं और धोनी खुद प्लेयर बनाते हैं। ये देखकर काफी अच्छा लगता है कि खिलाड़ी उनकी कप्तानी में परफॉर्म कर रहे हैं।

Quick Links