IPL 2023 : अपने संन्यास को लेकर एमएस धोनी ने तोड़ी चुप्पी, दिया हैरान करने वाला जवाब, देखें वीडियो  

एमएस धोनी के संन्यास को लेकर लगातार चर्चा होती रहती है
एमएस धोनी के संन्यास को लेकर लगातार चर्चा होती रहती है

भारतीय दिग्गज एमएस धोनी (MS Dhoni) आईपीएल (IPL) 2023 में एक बार फिर से चेन्नई सुपर किंग्स की कमान संभालते हुए नजर आ रहे हैं। पिछले 2-3 सालों से यह कयास लगाए जा रहे थे कि वह आईपीएल से भी संन्यास ले लेंगे, लेकिन वह अपने फैसले से लगातार सबको चौंकाते जा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक इवेंट में एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए अपने संन्यास पर बड़ी बात कही है।

42 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज आईपीएल के शुरुआती सीजन से ही चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते आ रहे हैं। आईपीएल 2022 में उन्होंने टीम की कप्तानी छोड़ कर रविंद्र जडेजा को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। जडेजा की कप्तानी में सीएसके का प्रदर्शन काफी खराब रहा, जिसके चलते धोनी ने एक बार फिर से टीम की कमान संभाली।

2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से एमएस धोनी के संन्यास लेने के बाद से ही यह अटकलें लगाई जा रहीं थी कि वह जल्दी ही आईपीएल से भी संन्यास ले लेंगे लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हो सका है। इसके अलावा धोनी ने भी अब तक इसको लेकर कोई सटीक जानकारी भी नहीं दी है।

अपने संन्यास को लेकर बोले एमएस धोनी

हाल ही में एक वीडियो सामने आया, जिसमें महेंद्र सिंह धोनी एक फैन के द्वारा उनके आईपीएल से संन्यास लेने से संबंधित पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, धोनी ने एक बार फिर से इस पर बड़ी ही चालाकी से जवाब दिया है। धोनी ने कहा,

इस फैसले को लेने के लिए काफी समय है। अभी हमारे पास काफी मैच हैं और अगर मैं कुछ भी कहूंगा तो कोच दबाव में आ जाएंगे। मैं उन पर दबाव नहीं बनाना चाहता।

गौरतलब हो कि, महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स अब तक 11 बार प्लेऑफ में और 9 बार फाइनल में भी जगह बना चुकी है। इस दौरान उनकी टीम 4 बार आईपीएल का खिताब भी जीत चुकी है। उन्होंने अपना आखिरी खिताब 2021 में जीता था।

आईपीएल 2022 में खराब प्रदर्शन के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन शानदार वापसी की है। वह अब तक 5 में से 3 मुकाबलों में जीत हासिल कर चुके हैं और अंक तालिका में तीसरे स्थान (RR vs LSG मैच के नतीजे आने से पहले) पर हैं। इसके अलावा खुद एमएस धोनी भी अंतिम ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar