IPL 2023 - इंजरी का शिकार हैं MS Dhoni, कोच ने किया चौंकाने वाला खुलासा

Nitesh
एम एस धोनी को लेकर बड़ा खुलासा (Photo Credit - IPLT20)
एम एस धोनी को लेकर बड़ा खुलासा (Photo Credit - IPLT20)

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान एम एस धोनी (Dhoni) को लेकर टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि एम एस धोनी पूरी तरह से फिट नहीं हैं और इंजरी का शिकार हैं।

दरअसल एम एस धोनी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी के दौरान अपनी पूरी क्षमता के साथ नहीं दौड़ रहे थे और इसी वजह से ये कयास लगाए जा रहे थे कि कहीं वो चोटिल तो नहीं हैं। अब हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने इसकी पुष्टि कर दी है।

एम एस धोनी को कुछ दिक्कत जरूर है - स्टीफन फ्लेमिंग

उन्होंने कहा "एम एस धोनी इंजरी का शिकार हैं। आप उनके कुछ मूवमेंट्स से देख सकते थे। कुछ ना कुछ चीज है जो उन्हें दिक्कत दे रही है। हालांकि इसके बावजूद उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बेहतरीन बैटिंग की और वो हमारे महान प्लेयर हैं। उनका फिटनेस हमेशा ही काफी प्रोफेशनल रहा है। टूर्नामेंट शुरू होने से एक महीने पहले वो आते हैं और हमें उनके ऊपर कभी शक नहीं रहा है।"

आपको बता दें कि इससे पहले पूर्व ओपनर मैथ्यू हेडन ने भी एम एस धोनी के चोटिल होने की आशंका जाहिर की थी। उन्होंने कहा था "हम फैंस को झूठी उम्मीदें नहीं देंगे कि कुछ भी गलत नहीं है। एम एस धोनी के साथ कुछ ना कुछ गलत तो जरूर है। वो जब विकेटों के बीच दौड़ते हैं तो काफी तेजी से भागते हैं लेकिन इस मैच में ऐसा नहीं दिखाई दे रहा था। जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ती गई हमने देखा कि वो लड़खड़ा रहे थे। कुछ सवाल जरूर हैं जिसका जवाब एम एस धोनी को देना होगा। वो जरूर चाहते होंगे कि लगातार मुकाबला खेलें।"

अब देखने वाली बात होगी कि एम एस धोनी अगला मैच खेलते हैं या नहीं। टीम कई प्लेयर्स की इंजरी से जूझ रही है।

Quick Links

Edited by Nitesh
Be the first one to comment