MS Dhoni की आंखों में आंसू थे...स्टीफन फ्लेमिंग ने बताया कि कप्तानी छोड़ने के समय कैसा था ड्रेसिंग रूम का माहौल ?

स्टीफन फ्लेमिंग ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है (Photo Credit - IPLT20)
स्टीफन फ्लेमिंग ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है (Photo Credit - IPLT20)

एम एस धोनी (MS Dhoni) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी छोड़ दी है और उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) को टीम का कप्तान बनाया गया है। इसको लेकर टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब पिछली बार जडेजा को कप्तान बनाया गया था तो उस वक्त हमारी तैयारी अच्छी नहीं थी लेकिन इस बार हमने काफी बेहतर तैयारी के साथ ये फैसला लिया है।

दरअसल आईपीएल 2022 के दौरान भी एम एस धोनी ने कप्तानी छोड़ी थी और तब रविंद्र जडेजा को कप्तान नियुक्त किया गया था। हालांकि ये फैसला सही साबित नहीं हुआ था और सीएसके को लगातार मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद दोबारा धोनी को कप्तानी संभालनी पड़ी थी।

वहीं स्टीफन फ्लेमिंग का कहना है कि वो इस बार बेहतर तैयारी के साथ आए हैं और ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाने का फैसला सही है। आईपीएल के आगाज से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा,

ये एम एस धोनी का फैसला था। उन्होंने काफी सोच-समझकर और फ्यूचर को ध्यान में रखते हुए ये निर्णय लिया है। कप्तानी छोड़ने की टाइमिंग अच्छी थी। ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी में ग्रूम किया जाएगा। धोनी को पता होता है कि कब क्या फैसला लेना है और उन्हें लगा कि कप्तानी छोड़ने का यही सही समय है। कुछ साल पहले जब ये फैसला लिया गया था तो शायद हम तैयार नहीं थे।

एम एस धोनी के फैसले से हर कोई गमगीन था - स्टीफन फ्लेमिंग

वही फ्लेमिंग ने ये भी बताया कि जब धोनी ने कप्तानी छोड़ने की बात कही तो सब लोग काफी इमोशनल हो गए थे। उन्होंने कहा,

धोनी की आंखों में आंसू थे, सबकुछ थम सा गया था...'', ड्रेसिंग रूम में बहुत सारी भावनाएं थीं.. बहुत सारे आंसू। ड्रेसिंग रूम में एक भी आंख सूखी नहीं थी, हर कोई भावुक था। भावुक पल के बाद ऋतुराज को बधाई देने का दौर चला।

आपको बता दें कि ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल 2019 में सीएसके का हिस्सा बने थे और तबसे वो इस टीम के लिए खेल रहे हैं। अभी तक गायकवाड़ ने कुल मिलाकर 52 मुकाबले सीएसके के लिए खेले हैं और इस दौरान 1797 रन बनाए हैं। अब चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तानी की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। एम एस धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार आईपीएल का टाइटल जिताया था लेकिन अब वो कप्तानी से हट गए हैं।

Quick Links