ये 5 खिलाड़ी भी कभी IPL में मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा थे

इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस की टीम सबसे सफल टीमों में से एक मानी जाती है। मुंबई इंडियंस आईपीएल में एकमात्र ऐसी टीम है जिसने तीन बार आईपीएल का खिताब जीतने में कामयाबी हासिल की है। तीन खिताबी जीत के साथ ही कप्तान रोहित शर्मा भी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हो गए। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने काफी बुलदियों को छुआ। मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए रोहित शर्मा हमेशा से ही मैदान पर एक संगठित टीम को साथ लेकर उतरते थे। टीम में सामंजस्य के कारण ही मुंबई की टीम तीन बार आईपीएल की चैंपियन बनी है। वहीं सचिन तेंदुलकर से लेकर सनथ जयसूर्या तक कई अंतर्राष्ट्रीय सितारों ने आईपीएल के पहले दशक में मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनी है। इनमें से कई खिलाड़ियों ने अपने कार्यकाल को यादगार बना दिया तो कुछ ऐसे भी खिलाड़ी रहे जो ज्यादा सुर्खियां नहीं बटोर पाए। आइए जानते हैं उन पांच अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के बारे में जो तीन बार आईपीएल विजेता रही मुंबई इंडियंस टीम का कभी हिस्सा थे।

Ad

#1 एलेक्स हेल्स

एलेक्स हेल्स एक अनुभवी टी20 खिलाड़ी हैं। एलेक्स हेल्स ने अपने करियर में कई बिग बैश टीमों के लिए खेला है। एलेक्स हेल्स को 2015 में इंडियन प्रीमियर लीग में शामिल किया गया था। इस सीजन में घायल किवी ऑलराउंडर कोरी एंडरसन की जगह सिर्फ एक लीग के लिए मुंबई इंडियंस के जरिए इंग्लिश बल्लेबाज को अपनी टीम में शामिल किया गया। हालांकि उन्हें उस सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए मैदान पर खेलना का मौका नहीं मिला। साल 2015 में रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग के खिताब को भी अपने नाम किया था। एलेक्स हेल्स के लिए यह एक आश्चर्यजनक और कभी न भूलने वाला बुलावा था। अब 11वें सीजन में एलेक्स हेल्स को डेविड वार्नर पर प्रतिबंध लगने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीम में शामिल किया है।

#2 थिसारा परेरा

थिसारा पेरेरा इंडियन प्रीमियर लीग में पांच या इससे अधिक फ्रेंचाइजियों के लिए खेले जाने वाले बहुत कम खिलाड़ियों में से एक है। उनका पहला आईपीएल कार्यकाल 2010 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ था जहां उन्होंने सिर्फ एक सीजन खेला और खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा था। पूरे सीजन में उन्होंने चेन्नई के लिए सिर्फ एक मुकाबला ही खेला था, जिसमें वह कोई भी रन बनाने में नाकाम रहे थे। इसके बाद साल 2011 में कोच्चि टस्कर्स केरल से जुड़ गए। आईपीएल से कोच्चि टस्कर्स की समाप्ति के बाद मुंबई इंडियंस की टीम ने उन्हें अपने साथ जोड़ लिया। साल 2012 की इंडियन प्रीमियर लीग नीलामी में पेरेरा को मुंबई इंडियंस ने 6,50,000 डॉलर में खरीदा था। साल 2012 के सीजन में मुंबई के लिए खेलते हुए उन्होंने सिर्फ दो मैच खेलते हुए महज चार रन ही बनाए। आखिरकार उन्हें सीजन पांच में खराब प्रदर्शन के कारण 2013 की नीलामी से पहले ही मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम से अलग कर दिया।

#3 जैकब ओरम

पूर्व किवी ऑलराउंडर ने 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अपने आईपीएल सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने पहले दो संस्करणों के लिए फ्रैंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद सीजन 2013 में मुंबई इंडियंस ने जैकब ओरम को अपने साथ शामिल किया। ओरम को मुंबई इंडियंस ने 2013 की नीलामी में 50,000 डॉलर देकर खरीदा था। पूर्व ऑलराउंडर ने 2013 में मुंबई के लिए सिर्फ एक मुकाबला ही खेला। जिसमें उन्होंने चार ओवरों में गेंदबाजी की। इसके अलावा बल्लेबाजी में वो कोई भी रन बनाने में नाकाम रहे। इसके साथ ही इस सीजन में मुंबई ने आईपीएल का खिताब जीता था और दुर्भाग्य से छठा सीजन जैकब का आखिरी इंडियन प्रीमियर लीग सीजन था।

#4 हर्शल गिब्स

जिस खिलाड़ी ने वेस्टइंडीज में 2007 आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में डच के खिलाफ छह छक्के लगाए हो, ऐसा खिलाड़ी किसी परिचय का मोहताज नहीं है। हर्शल गिब्स विश्व क्रिकेट में अपनी शानदार बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। हर्शल गिब्स ने इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में कई टी20 फ्रेंचाइजी के लिए खेला है। वहीं गिब्स ने 2008 में डेक्कन चार्जर्स के साथ अपना इंडियन प्रीमियर लीग में करियर शुरू किया था। तीन संस्करणों में डेक्कन चार्जर्स का प्रतिनिधित्व करने के बाद 2012 में हर्शल गिब्स मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ गए। 2012 की इंडियन प्रीमियर लीग नीलामी में उन्हें मुंबई इंडियंस के जरिए 50,000 डॉलर में खरीदा गया। हालांकि इस सीजन में खेलते हुए उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए तीन मैचों में 81 रन ही बनाए। वहीं आईपीएल का पांचवा सीजन उनका आखिरी सीजन था।

#5 ल्यूक रोन्ची

ल्यूक रोन्ची ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया (2008) और न्यूजीलैंड (2013-2017) दो देशों का प्रतिनिधित्व किया है। विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर अपनी पहचान रखने वाले रोन्ची ने 2017 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। ल्यूक रोन्ची ने दुनिया भर की कई टी20 लीग में खेला है। इसमें से इंडियन प्रीमियर लीग भी एक है। आईपीएल में मुंबई इंडियंस के जरिए ल्यूक रोन्ची को साल 2008 के पहले आईपीएल सीजन में खरीदा गया था। साल 2008 और साल 2009 में दो सीजन के लिए खेलते हुए ल्यूक रोन्ची ने मुंबई इंडियंस के लिए सिर्फ पांच मुकाबले ही खेले। इस दौरान ल्यूक रोन्ची ने 34 रन ही बनाए। साल 2009 का आईपीएल रोन्ची के लिए आखिरी कार्यकाल था। वहीं इस साल ल्यूक रोन्ची 75 लाख रुपये की बेस प्राइज के साथ बिना बिके ही रह गए। लेखक: अशवन राव अनुवादक: हिमांशु कोठारी

Edited by Staff Editor
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications