यशस्वी जायसवाल की जोरदार पारी, इंडिया की बड़ी बढ़त 

यशस्वी जायसवाल अर्धशतक बनाकर नाबाद हैं
यशस्वी जायसवाल अर्धशतक बनाकर नाबाद हैं

ग्वालियर में खेले जा रहे ईरानी कप (Irani Cup) 2022-23 के तीसरे दिन स्टंप्स तक रेस्ट ऑफ़ इंडिया ने अपनी दूसरी पारी में 18 ओवर में 85/1 का स्कोर बना लिया था। इससे पहले आज मध्य प्रदेश की पहली पारी में 294 के स्कोर पर सिमट गई और इंडिया को 194 रनों की बढ़त मिली थी। दूसरी पारी के स्कोर को मिलाकर रेस्ट ऑफ़ इंडिया की कुल बढ़त 275 रनों की हो गई थी।

दूसरे दिन के स्कोर 112/3 से आगे खेलते हुए मध्य प्रदेश को 129 के स्कोर पर चौथा झटका लगा और हर्ष गवली अर्धशतक बनाकर 54 के निजी स्कोर पर आउट हुए। अमन सोलंकी 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहाँ से यश दुबे और सारांश जैन ने पारी को आगे बढ़ाया। लंच तक टीम ने 76 ओवर में 174/5 का स्कोर बना लिया था।

लंच के बाद, मध्य प्रदेश ने 86 ओवर में 200 रन पूरे किये। यश भी अपना शतक पूरा करने में कामयाब रहे। सारांश जैन ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। यश 109 रन बनाकर 241 के स्कोर पर आउट हुए। अनुभव अग्रवाल 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चाय तक टीम ने 103 ओवर में 261/7 का स्कोर बना लिया। चाय के बाद सारांश भी आउट हो गए। उन्होंने 66 रनों की पारी खेली। निचले क्रम में अंकित कुशवाह 22 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह पूरी टीम 113वें ओवर में ऑलआउट हो गई। पुलकित नारंग ने चार और नवदीप सैनी ने तीन विकेट अपने नाम किये।

दूसरी पारी खेलने उतरी रेस्ट ऑफ़ इंडिया की शुरुआत खराब रही और कप्तान मयंक अग्रवाल पारी की पांचवीं गेंद पर बिना कोई रन बनाये कुमार कार्तिकेय का शिकार बने। यहाँ से अभिमन्यु ईस्वरन और यशस्वी जायसवाल ने अर्धशतकीय साझेदारी की और स्टंप्स तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया। ईस्वरन 26 और जायसवाल 58 रन बनाकर नाबाद थे।

Quick Links