दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल प्लेऑफ में ना जाना शर्मनाक रहा, टीम के दिग्गज ऑलराउंडर का बयान

Nitesh
मिचेल मार्श (Photo Credit - IPLT20)
मिचेल मार्श (Photo Credit - IPLT20)

दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) ने टीम के प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाने को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि ये काफी शर्मनाक रहा कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल 2022 के प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई थी। टीम को प्लेऑफ में जाने के लिए अपने आखिरी लीग मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हराना जरूरी था लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई।

रिकी पोंटिंग अपने खिलाड़ियों का काफी ख्याल रखते थे - मिचेल मार्श

मिचेल मार्श ने इसको लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक उन्होंने कहा "ये काफी शर्मनाक रहा कि हम फाइनल में जगह नहीं बना सके। रिकी पोंटिंग अपने खिलाड़ियों का काफी अच्छी तरह से ख्याल रखते हैं। वो इसी तरह के कप्तान और लीडर भी थे। उन्होंने मुझे इस तरह फील कराया जैसे मैं दिल्ली कैपिटल्स का काफी अहम प्लेयर हूं।"

मिचेल मार्श की अगर बात करें तो आईपीएल 2022 में वो दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा थे। हालांकि उनके लिए ये सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा। पहले वो इंजरी का शिकार हुए और उसके बाद कोरोना की चपेट में आ गए। आरसीबी के खिलाफ मुकाबले से पहले वो कोरोना का शिकार हो गए थे। हालांकि जब उन्होंने वापसी की तो कुछ अच्छी पारियां भी खेलीं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में उन्होंने अपनी पारी से टीम को मैच जिताया था।

मिचेल मार्श ने आईपीएल 2022 में कुल आठ मुकाबले खेले और 251 रन उनके बल्ले से आए। दिल्ली के लिए वह टॉप क्रम में खेले। दिल्ली कैपिटल्स शुरुआत में कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रही थी लेकिन बाद में खेल में गिरावट देखी गई।

Quick Links

Edited by Nitesh