दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज़ और 2011 में विश्व कप विजेता रही भारतीय क्रिकेट टीम के कोच रहे गैरी कर्स्टन का मानना है कि एमएस धोनी को एकदिवसीय टीम की कप्तानी से हटाना बड़ी गलती साबित हो सकता है। उन्होंने यह भी माना कि धोनी को सीमित ओवरों का कप्तान बने रहने देना चाहिए। कर्स्टन ने धोनी की क्षमता पर संदेह करने वालों को उनकी सबसे बड़ी गलती बताया है।
पूर्व बल्लेबाज़ गैरी कर्स्टन ने एक इन्टरव्यू के दौरान कहा " इसका जवाब मेरे पास नहीं हैं, लेकिन आप अपने जोखिम पर धोनी को कप्तानी से हटा सकते हैं। क्योंकि मेरा तजुर्बा कहता है कि सभी महान कप्तानों ने अपने क्रिकेट करियर के अंत तक लाजवाब प्रदर्शन किया है"
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज़ कर्स्टन ने कहा "अगर धोनी को कप्तानी से हटाया जाता है तो शायद भारतीय क्रिकेट टीम 2019 में इंग्लैंड में आयोजित होने वाले विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन न कर पाए। धोनी एक महान खिलाड़ी हैं। धोनी की क्षमता पर किसी को संदेह नहीं होना चाहिए"
अपने समय के धाकड़ बल्लेबाज़ रहे गैरी कर्स्टन ने धोनी की तारीफ करते हुए उनके सीमित ओवरों के प्रारूप के रिकॉर्ड को भी शानदार बताया। कर्स्टन ने धोनी की कप्तानी के बारे में भी जमकर तारीफ की।
पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ ने कहा " धोनी एक शानदार कप्तान हैं, मैं उनके साथ काम कर चुका हूँ। उनका क्रिकेट रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। उनकी कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने बहुत सारी ट्राफी जीती हैं। मेरे हिसाब से वह भारत के सर्वश्रेठ कप्तानों में से एक हैं"
"आपको धोनी के सीमित ओवरों के रिकॉर्ड पर नज़र डालनी चाहिए। वह मैच फिनिशर के रूप में एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। धोनी शानदार कप्तान के साथ-साथ एक महान खिलाड़ी भी हैं।" : गैरी कर्स्टन
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ ने धोनी की क्षमता पर सवाल उठाने वालों के बारे में कहा " अगर कोई धोनी की क्षमता पर सवाल उठा रहे हैं, तो मेरे हिसाब से वह बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं"
Published 02 Nov 2016, 10:55 IST