Matheesha Pathirana on MS Dhoni: 22 साल के श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीसा पथिराना चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के अहम सदस्य हैं। नीलामी से पहले CSK ने उन्हें 13 करोड़ रुपए देकर रिटेन किया था जो यह दिखाता है की फ्रेंचाइजी को उनके ऊपर कितना भरोसा है। पथिराना को सबसे पहले CSK ने ही 2022 में मौका दिया था और इसके बाद उन्हें श्रीलंका के लिए डेब्यू करने का मौका मिला था। हालांकि अगर आपको यह पता चले की पथिराना शुरू से ही क्रिकेटर नहीं बनना चाहते थे तो शायद यह जानकर आप चौंक जाएंगे। पथिराना का परिवार संगीत में रुचि रखने वाला है और वह खुद भी शुरुआत में संगीत में काफी रुचि रखते थे।
इसके बाद पथिराना ने बेसबॉल खेलना शुरू किया। सातवीं कक्षा तक उन्होंने क्रिकेट नहीं खेली थी, जिसके बाद उन्हें अचानक स्कूल की क्रिकेट टीम में शामिल किया गया। ऐज ग्रुप में उन्होंने पहले मैच में ही छह विकेट लिए और अपने एक्शन के चलते काफी जल्दी चर्चा में आ गए। चमिंडा वास ने फिर उन्हें श्रीलंका के सबसे महंगे कॉलेज ट्रिनिटी में दाखिला दिलाया जहां से देश के कई दिग्गज क्रिकेटर निकल चुके हैं। इसके बाद उनके करियर में CSK और महेंद्र सिंह धोनी की एंट्री हुई।
CSK के वीडियो एनालिस्ट ने सबसे पहले पथिराना को देखा था और फिर उनके ऊपर करीबी निगाह बनाई। उन्होंने ही फ्रेंचाइजी को सलाह दी थी कि इस खिलाड़ी को साइन किया जाना चाहिए। 2022 सीजन में जब CSK इंजरी रिप्लेसमेंट की तलाश कर रही थी तब उन्होंने पथिराना को मौका देने का फैसला किया। उन्हें टीम में शामिल कर लिया गया और नेट पर जब पहली बार धोनी ने पथिराना को देखा तो उन्होंने कहा कि इस लड़के में काफी क्षमता है।
कप्तान रहते हुए धोनी ने पथिराना का शानदार इस्तेमाल किया और उन्हें दुनिया के सामने एक खतरनाक गेंदबाज के रूप में लाकर खड़ा किया। CSK के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद पथिराना को श्रीलंका के लिए खेलने का मौका मिला। उन्होंने एक बयान में कहा था कि श्रीलंका में उनके एक पिता हैं और भारत में उनके दूसरे पिता धोनी हैं। पथिराना के परिवार ने भी यह बताया है कि धोनी की वजह से ही उनका करियर इतना शानदार बना है। पथिराना का परिवार धोनी को अपना भगवान मानता है।