लगातार हार के बीच दिल्ली कैपिटल्स को लगा तगड़ा झटका...दिग्गज खिलाड़ी पूरे सीजन के लिए हो सकता है बाहर

मिचेल मार्श इंजरी का शिकार हो गए हैं (Photo Credit - IPL)
मिचेल मार्श इंजरी का शिकार हो गए हैं (Photo Credit - IPL)

दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) की टीम आईपीएल (IPL) में लगातार मुकाबले हार रही है और इसी बीच उनको तगड़ा झटका लगा है। टीम के दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी मिचेल मार्श एक हफ्ते के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। इसकी जानकारी टीम के कोच प्रवीण आमरे ने दी है। उन्होंने बताया कि इंजरी की वजह से मिचेल मार्श एक हफ्ते तक नहीं खेल पाएंगे। इसके अलावा अगर उनकी इंजरी गहरी हुई तो फिर वो पूरे सीजन से भी बाहर हो सकते हैं।

मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एक हाई स्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 29 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 234 रनों का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 8 विकेट खोकर 205 रन ही बना पाई। इस तरह मुंबई ने सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। जबकि दिल्ली कैपिटल्स को एक और मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

मिचेल मार्श की रिपोर्ट एक हफ्ते के बाद मिलेगी - प्रवीण आमरे

दिल्ली कैपिटल्स की हार के बाद कोच प्रवीण आमरे ने बताया कि मिचेल मार्श इंजरी का शिकार हैं। उन्होंने कहा,

हमारे कुछ खिलाड़ी इंजरी का शिकार हैं और मिचेल मार्श को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं। मिचेल मार्श स्कैन के लिए गए हैं और फिजियो एक हफ्ते में हमें रिपोर्ट देंगे। इसके बाद ही पता चल पाएगा कि उनकी स्थिति क्या है। क्या वो पूरे सीजन खेल सकते हैं या नहीं।

आपको बता दें कि मिचेल मार्श ने रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हुए मुकाबले में भी हिस्सा नहीं लिया था। इंजरी की वजह से वो नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह टीम में झाय रिचर्डसन को शामिल किया गया था। अब देखने वाली बात होगी कि उनकी इंजरी कितनी गहरी है और वो आगे खेल पाते हैं या नहीं।

Quick Links

App download animated image Get the free App now