Hindi Cricket News: अगर धोनी खुद को फिट समझते हैं तो अपना करियर जारी रख सकते हैं- मोहम्मद अजहरुद्दीन

महेंद्र सिंह धोनी
महेंद्र सिंह धोनी

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चयनकर्ताओं और धोनी के बीच संवाद जरूरी होगा क्योंकि धोनी संन्यास की अटकलों के बीच अपने शानदार करियर के अंतिम चरण पर हैं। उनसे बात कर चयनकर्ताओं को भविष्य की सारी संभावनाओं पर चर्चा करनी होगी।

अजहरुद्दीन ने कहा कि अगर एक वरिष्ठ खिलाड़ी खेलना चाहता है तो चयनकर्ताओं को उससे बात करनी चाहिए कि वह कब तक और कैसे खेलेंगे। बड़े खिलाड़ियों के मामले में उन्हें विश्वास में लिया जाना चाहिए और उनसे बात करनी चाहिए। मुझे लगता है कि जल्द ही कोई फैसला आएगा। अगर ऐसा न हुआ तो कुछ लोग लिखते रहेंगे कि वह संन्यास लेंगे तो कुछ लिखेंगे कि नहीं लेंगे। इसकी वजह यह है कि धोनी ने अब तक कोई बयान नहीं दिया है।

उन्होंने कहा कि धोनी अब भी अपना अंतरराष्ट्रीय करियर जारी रख सकते हैं। हालांकि, ऐसा तभी संभव हो सकता है, जब खिलाड़ी में दृढ़ इच्छाशक्ति हो और वह खुद को पूरी तरह फिट महसूस करे। अगर धोनी फिट हैं और अच्छा खेल रहे हैं तो उन्हें जरूर खेल जारी रखना चाहिए। फिलहाल, उन्होंने दो महीने का आराम लिया है। वह जब भी कोई फैसला लेंगे तो सही ही लेंगे।

अंबाती रायडू को लेकर पूर्व कप्तान ने कहा कि अगर कोई खिलाड़ी स्टैंडबाई होता है तो विकल्प के तौर पर उसे ही प्राथमिकता दी जानी चाहिए। अगर आप चनयकर्ता हैं तो कोच और कप्तान के आग्रह को टाल भी सकते हैं। आप कह सकते हैं कि हम इस खिलाड़ी को भेजेंगे। जब मैं कप्तान था तो कुछ खिलाड़ियों को टीम में चाहता था लेकिन चयनकर्ताओं ने मना कर दिया। ऐसा संभव होता है।

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज स्पोर्टसकीड़ा पर पाएं

Quick Links

Edited by Naveen Sharma