IPL 2024: एमएस धोनी ने पूरा किया T20 क्रिकेट में तिहरा शतक, जबरदस्त कारनामा करने वाले पहले विकेटकीपर

(Photo Courtesy: IPL)
(Photo Courtesy: IPL)

एमएस धोनी (MS Dhoni) की गिनती सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर्स में होती है और यह खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय से संन्यास लेने के बाद, आईपीएल में अभी भी अपना जलवा दिखा रहा। धोनी ने आईपीएल 2024 (IPL 2024) के 13वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की तरफ से विकेटकीपिंग करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (DC) की पारी के दौरान कैचों का एक बड़ा आंकड़ा पूरा किया और ऐसा करने वाले पहले विकेटकीपर बने।

दरअसल, एमएस धोनी ने T20 क्रिकेट में 300 कैचों का आंकड़ा पूरा कर लिया है और इस कीर्तिमान को अभी तक किसी अन्य विकेटकीपर ने नहीं हासिल किया है। धोनी ने दिल्ली कैपिटल्स की पारी में जैसे ही विकेट के पीछे पृथ्वी शॉ का कैच लपका, उन्होंने कैचों का तिहरा शतक लगा दिया।

दिग्गज विकेटकीपर ने अपने करियर के 380वें T20 मुकाबले में यह मुकाम हासिल किया। इस मामले में दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से भारत के दिनेश कार्तिक और कामरान अकमल हैं, दोनों के नाम 274-274 कैच हैं। हालाँकि, कार्तिक ने 389 मुकाबले खेले हैं, जबकि अकमल ने सिर्फ 291 मुकाबले ही खेले हैं।

IPL 2024 के बाद संन्यास ले सकते हैं एमएस धोनी

42 वर्षीय एमएस धोनी को लेकर पिछले कई आईपीएल सीजन से कयास लगाए जा रहे हैं कि वह संन्यास ले सकते हैं लेकिन धोनी ने हर बार सभी को गलत साबित किया। हालाँकि, इस बार उन्होंने अपने बड़े बालों वाले लुक को फिर से अपनाया है, जो वह अपने करियर के शुरूआती दिनों में रखते थे। इसी वजह से कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है।

इन कयासों को बढ़ाने का काम धोनी के कप्तानी छोड़ने के फैसले ने किया। पांच बार के आईपीएल चैंपियन कप्तान ने 17वें सीजन की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी को छोड़ने का फैसला किया और यह जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी गई। अब देखना होगा कि धोनी आगे चलकर संन्यास लेते हैं या नहीं।

Quick Links

App download animated image Get the free App now