ICC Hall of Fame 2025: सोमवार को भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई। दरअसल, आईसीसी ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को हॉल ऑफ फेम में शामिल किया है। इसी के साथ धोनी 11वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्हें आईसीसी ने इस खास सम्मान से नवाजा है। धोनी के अलावा दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन, ग्रीम स्मिथ, डेनियल विटोरी को भी इस सूची में शामिल किया गया है। वहीं, महिला क्रिकेटर्स में इस सम्मान को सारा टेलर और सना मीर ने हासिल किया है।
2004 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले धोनी की गिनती भारत के सबसे सफल प्लेयर्स में होती है। इसी के साथ वह विश्व के इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने आईसीसी की तीनों ट्रॉफी (सीमित ओवरों में) जीती हैं। धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले भारतीय क्रिकेटर्स की लिस्ट
बिशन सिंह बेदी - 2009
कपिल देव - 2010
अनिल कुंबले - 2015
राहुल द्रविड़ - 2018
सचिन तेंदुलकर - 2019
वीनू मांकड़ - 2021
डायना एडुल्जी -2023
वीरेंद्र सहवाग - 2023
नीतू डेविड - 2024
एमएस धोनी - 2025
आईसीसी द्वारा मिले इस सम्मान से धोनी काफी खुश हैं। उन्होंने आईसीसी के माध्यम से कहा,
"आईसीसी हॉल ऑफ फेम में नामित होना सम्मान की बात है, जो विभिन्न पीढ़ियों और दुनिया भर के क्रिकेटरों के योगदान को मान्यता देता है, ऐसे सर्वकालिक महान खिलाड़ियों के साथ आपका नाम याद किया जाना एक अद्भुत एहसास है। यह कुछ ऐसा है जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगा।"
गौरतलब हो कि धोनी आखिरी बार इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में खेलते हुए नजर आए थे, जिसमें उन्होंने सीजन के बीच में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी संभाली थी। हालांकि, 18वें सीजन में टीम का प्रदर्शन काफी शर्मानक रहा था और सीएसके आईपीएल के इतिहास में पहली बार अंक तालिका में सबसे आखिरी पायदान पर रहते हुए टूर्नामेंट से बाहर हुई थी। हालांकि, सीएसके के फैंस के लिए एक अच्छी खबर ये रही कि धोनी ने आईपीएल से संन्यास का ऐलान नहीं किया।