महेंद्र सिंह धोनी ने मुझे काफी प्रेरित किया है: मोहम्मद शहजाद

अफगानिस्तान की टीम बैंगलुरू में भारत के खिलाफ अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट मैच खेल रही है। इस मैच में सभी की निगाहें अफगानिस्तान की टीम पर लगी हुई हैं कि अपने पहले टेस्ट मैच में वो किस तरह प्रदर्शन करते हैं। अफगानिस्तान के कई खिलाड़ी भारतीय खिलाड़ियों को अपना आदर्श मानते हैं। मुजीब जदरण ने जहां रविचंद्रन अश्विन को देखकर गेंदबाजी सीखी और वे उन्हें अपना आदर्श मानते हैं तो वहीं टीम के एक और खिलाड़ी मोहम्मद शहजाद टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एम एस धोनी के काफी बड़े फैन हैं। मोहम्मद शहजाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के चर्चित खिलाड़ियों में से एक हैं और उनकी धुआंधार बल्लेबाजी फैंस को भी बेहद पसंद है। मोहम्मद शहजाद धोनी की बल्लेबाजी के बड़े फैन हैं और खासतौर पर उनके हेलीकॉप्टर शॉट के। क्रिकबज्ज से बातचीत में शहजाद ने खुलासा किया कि वो दो चीजों से समझौता बिल्कुल भी नहीं कर सकते हैं और वो है खाना और सोना। इसके बाद उनसे एक और दिलचस्प सवाल पूछा गया कि क्या वो धोनी की पारी को देर रात तक जागकर देख सकते हैं। इस पर उन्होंने एक दिलचस्प वाकया बताया। शहजाद ने कहा कि एक बार रमजान के मौके पर उन्होंने जागकर धोनी की बल्लेबाजी का आनंद उठाया था। उन्होंने कहा कि मैंने कुछ देर पानी पिया और खुद को जगाए रखने की कोशिश की। वह समय था जब टीम इंडिया श्रीलंका में खेल रही थी। धोनी बल्लेबाजी कर रहे थे और टीम इंडिया को अंतिम ओवर में जीत के लिए 15 रन की जरुरत थी। वह रमजान का समय था। इफ्तार के लिए तीन से चार मिनट का समय बचा था और मेरे सामने खाना रखा था। ऐसा कहा गया है कि उस समय अल्लाह से जो भी मांगो वह दे देते हैं।शहजाद ने कहा कि उन्होंने धोनी की सफलता के लिए अल्लाह से दुआ की थी। इसके बाद धोनी ने तीन गेंदों पर छक्का, चौका और छक्का जड़कर भारत को जीत दिला दी। गौरतलब है मोहम्मद शहजाद धोनी की ही तरह बल्लेबाजी करते हैं। वो उन्हीं की तरह हेलिकॉप्टर शॉट लगाने की कोशिश करते हैं। कई बार वो ऐसा कर चुके हैं।

Edited by Staff Editor
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications