भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया, लेकिन अभी वो आईपीएल में खेलना जारी रखेंगे। महेंद्र सिंह धोनी का पूरा करियर काफी सफल रहा है। बतौर कप्तान और खिलाड़ी उन्होंने जो योगदान भारतीय टीम के लिए दिया है उसको भुलाया नहीं जा सकता।
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने आईसीसी की तीनों ट्रॉफी (टी20 वर्ल्ड कप, वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी) जीती, तो इसके अलावा टीम टेस्ट, वनडे और टी20 अंतर्राष्ट्रीय में आईसीसी रैंकिंग में नंबर एक भी रही।
यह भी पढ़ें: एमएस धोनी की 3 ऐसी पारियां जिन्हें फैंस कभी नहीं भूल सकते
2011 वर्ल्ड कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी ने ही नुवान कुलसेकरा की गेंद पर छक्का लगाते हुए भारत को 28 साल बाद वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जिताई थी। बतौर खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने 538 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले, जिसमें 17,266 रन बनाए और इसमें 16 शतक भी शामिल हैं।
हम अब नजर डालेंगे महेंद्र सिंह धोनी के टेस्ट, वनडे और टी20 में खेले गए उनके आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले मे किए गए प्रदर्शन पर:
1- आखिरी टेस्ट (26-30 दिसंबर) बनाम ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न- 11 एवं 24* रन
महेंद्र सिंह धोनी ने अपने टेस्ट करियर में 90 मुकाबलों में 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए, जिसमें 6 शतक शामिल रहे और उनका सर्वाधिक स्कोर 224 रन रहा। धोनी के आखिरी टेस्ट मैच की बात की जाए, तो उन्होंने वो 26 दिसंबर को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।
इस मैच में बतौर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने पहली पारी में 11 रन बनाए, तो दूसरी पारी में वो 24* रन बनाकर नाबाद रहे। दूसरी पारी में उनकी वजह से ही भारत इस मैच को ड्रॉ कराने में कामयाब हो पाई थी। बतौर विकेटकीपर इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने 8 कैच और 1 स्टंपिंग भी की थी।
ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में पहली पारी में 530 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत ने 465 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी 318-9 के स्कोर पर घोषित की और दूसरी पारी में भारत का स्कोर 174-6 था, जब मैच ड्रॉ घोषित हुआ था। महेंद्र सिंह धोनी का बतौर टेस्ट कप्तान भी यह आखिरी मैच था।
यह भी पढ़ें: 5 खिलाड़ी जिनके साथ महेंद्र सिंह धोनी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेले हैं, उनके नाम आप नहीं जानते होंगे