महेंद्र सिंह धोनी ने कहा सेना की वर्दी में पद्मभूषण मिलना गर्व की बात

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को नई दिल्ली में हुए एक समारोह में भारत के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। धोनी को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक हासिल है और सम्मान लेते वक्त वो सेना की वर्दी में भी थे। पद्म विभूषण मिलने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खुशी जाहिर की है। इंस्टाग्राम पर किए अपने पोस्ट में धोनी ने लिखा ' पद्म भूषण मिलना काफी सम्मान की बात है और सेना की वर्दी में मिलने से ये सम्मान 10 गुना ज्यादा बढ़ गया। भारतीय सेना में शामिल सभी लोगों को धन्यवाद। उनके त्याग और बलिदान की वजह से ही हम चैन की जिंदगी जी पाते हैं। जय हिंद"।

गौरतलब है धोनी भारत के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को आईसीसी की तीनों ट्रॉफियां जिताई हैं। 2007 में टी20 विश्व कप, 2011 का विश्व कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भारतीय टीम ने उनकी ही कप्तानी में जीता था। पद्म भूषण अवॉर्ड पाने वाले वो 11वें क्रिकेटर बन गए हैं। उनसे पहले सीके नायडू (1956), एमके विजयनगरम (1958), वीनू मांकड़ (1958), सुनील गावस्कर (1980), भलिंदर सिंह (1983), प्रोफेसर डीबी देवधर, लाला अमरनाथ, कपिल देव, चंदू बोर्डे और राहुल द्रविड़ को ये सम्मान मिल चुका है। 7 अप्रैल से आईपीएल का 11वां सीजन शुरु हो रहा है जिसमें धोनी चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करेंगे। उनकी कप्तानी में चेन्नई की टीम दो बार आईपीएल की चैंपियन रह चुकी है। चेन्नई की टीम 2 साल के बाद आईपीएल में वापसी कर रही है।

Edited by Staff Editor