Manoj Tiwari on MS Dhoni Retirement: महेंद्र सिंह धोनी... भारतीय क्रिकेट गलियारों से लेकर वर्ल्ड क्रिकेट गलियारों तक ये नाम कई साल तक खूब गूंजा है। इस नाम ने फैंस को वो ऐतिहासिक पल दिए हैं जिसकी महज कल्पना की जाती थी। लेकिन अब माही.....माही..... नाम की गूंज धीरे-धीरे सुनाई देनी बंद होती जा रही है। अब तो फैंस से लेकर पूर्व क्रिकेटर्स तक उन्हें आईपीएल से संन्यास लेने की सलाह देने लगे हैं।
महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास पर चर्चा हुई तेज
एमएस धोनी ने वैसे तो 2020 में ही इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद उन्होंने आईपीएल में खेलने का सिलसिला जारी रखा। शुरुआत में यानी करीब 2-3 साल वो आईपीएल में अच्छी तरह से खेलते रहे हैं। लेकिन पिछले 2 साल में उनका हाल अब पहले जैसा नहीं रहा है। अब माही का बल्ले से मैजिक पूरी तरह से गायब नजर आ रहा है और वो संघर्ष करते हुए नजर आ रहे हैं।
43 साल के महेंद्र सिंह धोनी ने बहुत कुछ दिया है। वो भारतीय क्रिकेट टीम से लेकर आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अहम योगदान देने में सफल रहे हैं। लेकिन अब धोनी की उम्र और फिटनेस भी चीख-चीख कर कह रही है कि बस... बहुत हो गया। ये बात अब पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों से लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट्स भी करने लगे हैं। जिसमें एक नया नाम पूर्व भारतीय खिलाड़ी मनोज तिवारी का जुड़ा है।
पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने कहा- 2 साल पहले ही ले लेना चाहिए था संन्यास
बंगाल के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी रहे मनोज तिवारी ने दो-टूक अंदाज में ये कहा है कि एमएस धोनी को तो 2023 के आईपीएल के बाद ही सम्मानपूर्वक संन्यास ले लेना चाहिए था। इस खिलाड़ी का मानना है कि उनके लिए वो परफेक्ट टाइम था। मनोज तिवारी ने तीखी बात शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मैच के बाद कही। जिसमें धोनी ने 26 गेंद में 30 रन की पारी खेली थी।
पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने क्रिकबज के साथ धोनी को लेकर कहा कि,
"अगर मैं थोड़ा सख्त हो रहा हूं तो मुझे माफ करें। उन्हें 2023 आईपीएल के बाद संन्यास ले लेना चाहिए था। यह उनका सबसे अच्छा समय था। पिछले कुछ सालों में उन्होंने जो सम्मान अर्जित किया है, उसके बावजूद फैंस उन्हें पिछले दो सालों में ऐसा नहीं देख पाए हैं और फिसल रहे हैं। देखिए चेन्नई के फैंस किस तरह से रिएक्शन दे रहे हैं, सड़कों पर निकल रहे हैं और इंटरव्यू दे रहे हैं।"