वीडियो: धोनी ने अपने अनोखे अंदाज़ में रॉस टेलर को भेजा पवेलियन

भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज रांची में चौथा एकदिवसीय मैच खेला जा रहा है। भारतीय टीम के एकदिवसीय और टी20 कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का ये घरेलू मैदान है और ये इस मैदान पर खेला जाने वाला तीसरा एकदिवसीय मुकाबला है। इससे पहले भारत यहाँ इंग्लैंड और श्रीलंका को हरा चुका है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। इसके अलावा श्रीलंका के खिलाफ एक टी20 मैच भी इस साल खेला गया जिसमें भारतीय टीम को जीत हासिल हुई थी। आज के मैच में कीवी टीम ने दौरे पर पहली बार टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम ने मार्टिन गप्टिल के 72 रनों की बदौलत बढ़िया और तेज़ शुरुआत की लेकिन भारतीय स्पिनरों ने मैच में टीम की वापसी करवाते हुए विपक्षी को 260/7 के स्कोर पर रोक दिया। हम यहाँ जिस घटना की बात कर रहे हैं, वो न्यूजीलैंड की पारी के 46वें ओवर में हुआ। रॉस टेलर उस समय 34 रन बनाकर खेल रहे थे और उन्होंने उमेश यादव के ओवर की तीसरी गेंद को फाइन लेग की तरफ फ्लिक किया और पहला रन लेने के बाद दूसरा रन लेने के लिए भागे। बाउंड्री पर धवल कुलकर्णी ने काफी बढ़िया फील्डिंग की लेकिन फिर भी उस समय कोई ये नहीं सोच सकता था कि टेलर रन आउट हो जाएंगे। धोनी ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में गेंद को बिना स्टंप्स की तरफ देखे सिर्फ दिशा दे दी और जब गेंद स्टंप्स पर लगी तो टेलर क्रीज़ से बाहर थे। आम तौर पर विकेटकीपर गेंद को सही तरह से पकड़ कर स्टंप्स पर मारते हैं लेकिन धोनी हमेशा अपने अलग और अद्भुत अंदाज़ के लिए जाने जाते हैं और एक बार फिर से उन्होंने फैन्स को इससे रूबरू करवाया। धोनी जिस तरह से अपने अलग तरह की बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, उतना ही अलग और अद्भुत उनकी विकेटकीपिंग है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मोहाली में खेले गए तीसरे एकदिवसीय में भी उन्होंने रॉस टेलर और ल्युक रोंकी को स्टंप किया था और उन्होंने इतनी तेज़ी से ये स्टंपिंग किया था कि किसी को भनक तक नहीं लगी। आप भी देखिये धोनी के इस अनोखे अंदाज़ को: