Hindi Cricket News: महेंद्र सिंह धोनी ने बदला लुक, सिर पर काला पटका बांधे आए नजर 

महेंद्र सिंह धोनी का नया लुक
महेंद्र सिंह धोनी का नया लुक

टीम इंडिया के वरिष्ठ खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी भारतीय सेना को अपनी सेवाएं देने की वजह से बीते दिनों काफी सुर्खियों में रहे थे। वो कश्मीर में अपनी ड्यूटी खत्म कर अब लौट आए हैं। हालांकि, इस बार उनका अंदाज कुछ बदला-बदला सा नजर आ रहा है। उनके नए लुक की तस्वीर सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रही है। धोनी सिर पर काले रंग का पटका बांधे नजर आए हैं।

महेंद्र सिंह धोनी कश्मीर में सेना की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद रविवार को जयपुर पहुंचे। इस दौरान धोनी मिलेट्री कलर की टी-शर्ट, काली पेंट और सिर पर बांधे काले पटके में दिखाई दिए। उन पर जब फैंस की नजरें पड़ीं तो सबने उन्हें फोटोज खिंचवाने के लिए घेर लिया। इस दौरान धोनी से उनके फैंस बात करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन वह मुस्कुराते हुए सबसे रास्ता देकर निकलने की गुजारिश कर रहे थे। कहा जा रहा है कि धोनी जयपुर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं।

यह पहला मौका नहीं है, जब माही ने अपना लुक बदला हो। वह अक्सर अपने लुक्स में परिवर्तन करते रहते हैं। उन्होंने जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था, तब उनके लंबे बाल थे। उनके बालों की तारीफ पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने की थी। इसके बाद उन्होंने अपना हेयर स्टाइल सामान्य करवा दिया था। धोनी विश्वकप-2019 के बाद से क्रिकेट से दूर हैं। वह वेस्टइंडीज दौरे से भी दूर रहे। वह फिलहाल दो महीने के आराम पर हैं।

बता दें कि वह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और सीमित ओवरों वाले वनडे और टी-20 क्रिकेट में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने 31 जुलाई से 15 अगस्त तक अपनी टेरिटोरियल आर्मी यूनिट के साथ जम्मू-कश्मीर में दो सप्ताह की ट्रेनिंग पूरी की। धोनी को सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि भी प्राप्त है।

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज स्पोर्टसकीड़ा पर पाएं।

Quick Links