Alex Hales Breaks Kieron Pollard Record : इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने किरोन पोलार्ड का बड़ा रिकॉर्ड तोड़कर खास उपलब्धि अपने नाम की है। एलेक्स हेल्स अब टी20 इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे आगे अब केवल वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज क्रिस गेल ही हैं। अगर हेल्स इसी तरह से खेलते रहे तो फिर वो जल्द ही क्रिस गेल से भी आगे निकल सकते हैं।
एलेक्स हेल्स इन दिनों इंटरनेशनल लीग टी20 में खेल रहे हैं। यहां पर वो डेजर्ट वाइपर्स टीम का हिस्सा हैं। बुधवार को डेजर्ट वाइपर्स का सामना दुबई कैपिटल्स से पहले क्वालीफायर मुकाबले में हुआ। इस दौरान एलेक्स हेल्स ने काफी तूफानी पारी खेली। उन्होंने टीम की तरफ से ओपन करते हुए मात्र 32 गेंद पर 67 रन जड़ दिए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 6 छक्के लगाए। इस धुआंधार पारी के दौरान ही एलेक्स हेल्स ने बड़ा कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया।
एलेक्स हेल्स टी20 इतिहास में बने दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
एलेक्स हेल्स अब टी20 इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके अब टी20 इतिहास में 13558 रन हो गए हैं। इससे पहले वेस्टइंडीज के किरोन पोलार्ड दूसरे नंबर पर थे। पोलार्ड ने अभी तक टी20 क्रिकेट में 13537 रन बनाए हैं लेकिन हेल्स उनसे आगे निकल गए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर वेस्टइंडीज के ही पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल मौजूद हैं। गेल ने अपने टी20 करियर में 14562 रन बनाए थे। हालांकि हेल्स के पास गेल से आगे निकलने का मौका है। इसकी वजह यह है कि गेल अब खेलते नहीं हैं और हेल्स के पास अभी काफी समय बचा हुआ। ऐसे में वो क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
एलेक्स हेल्स की अगर बात करें तो वो 2022 में टी20 वर्ल्ड कप का टाइटल जीतने वाली इंग्लैंड टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा वो दुनिया भर की अलग-अलग टी20 लीग्स में खेल चुके हैं। आईपीएल में भी एलेक्स हेल्स सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस जैसी टीम का हिस्सा रह चुके हैं।