पृथ्वी शॉ को बनाया गया कप्तान, प्रमुख टूर्नामेंट के लिए मुंबई की टीम घोषित

पृथ्वी शॉ को टीम की कप्तानी का जिम्मा मिला है
पृथ्वी शॉ को टीम की कप्तानी का जिम्मा मिला है

रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) के नए सीजन के लिए मुंबई की टीम का ऐलान कर दिया गया है। मुंबई की टीम में अर्जुन तेंदुलकर को शामिल किया गया है। इसके अलावा पृथ्वी शॉ टीम के कप्तान होंगे। पिछले साल विजय हजारे ट्रॉफी में भी टीम की कप्तानी पृथ्वी शॉ ने ही की थी। अजिंक्य रहाणे को भी टीम में शामिल किया गया है।

मुंबई क्रिकेट संघ की सीनियर चयन समिति ने टीम की घोषणा की। इसमें सबकी सहमति से पृथ्वी शॉ को कप्तान बनाने का निर्णय लिया गया। रणजी ट्रॉफी का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। पहला चरण आईपीएल से पहले और दूसरा चरण आईपीएल समाप्ति के बाद होगा।

मुंबई की रणजी टीम इस प्रकार है

पृथ्वी शॉ, यशस्वी जायसवाल, अजिंक्य रहाणे, आकर्षित गोमेल, अरमान जाफर, सरफराज खान, सचिन यादव, आदित्य तरे, हार्दिक तमोरे, शिवम दुबे, अमान खान, शम्स मुलानी, तनुश कोटियन, प्रशांत सोलंकी, शशांक अत्तारदे, धवल कुलकर्णी, मोहित अवस्थी, प्रिंस बदियानी, सिद्धार्थ राउत, रॉयस्टन डियास, अर्जुन तेंदुलकर।

मुंबई की टीम में अजिंक्य रहाणे का होना एक सुखद खबर कही जा सकती है। रहाणे के अनुभव से टीम को निश्चित रूप से फायदा होना है। पिछले कुछ समय से रहाणे की फॉर्म खराब चल रही है, ऐसे में उनको भी रणजी ट्रॉफी से अपनी फॉर्म हासिल करने का मौका मिलेगा। सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को भी टीम में शामिल किया गया है। देखना होगा कि उनको टीम फर्स्ट क्लास क्रिकेट में खेलने का मौका मिलता है या नहीं।

कोरोना वायरस के कारण जनवरी में होने वाली रणजी ट्रॉफी पर रोक लगा दी गई थी। ऐसे में इसे अब फरवरी में शुरू करने का निर्णय लिया गया। दो चरणों में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट का पहला चरण 10 फरवरी से लेकर 15 मार्च तक होना है। इसके बाद दूसरे चरण के मैच 30 मई से 26 जून के बीच खेले जाने हैं।

Quick Links