CWC 2023 : रोहित शर्मा ने इस साल छक्कों की लगाई झड़ी, एबी डीविलियर्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा

India Cricket WCup
रोहित शर्मा ने एबी डीविलियर्स का तोड़ा रिकॉर्ड

आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 (ICC Cricket World Cup 2023) के ग्रुप स्टेज का आज आखिरी मुकाबला भारत और नीदरलैंड्स (India vs Netherlands) के बीच खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी है। वही भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डीविलियर्स (Ab De Villers) का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

दरअसल, वनडे क्रिकेट के इतिहास में एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में अब रोहित शर्मा पहले स्थान पर पहुंच चुके हैं। रोहित इस साल वनडे में 59 छक्के लगा चुके हैं। वहीं इस लिस्ट में पहले एबी डीविलियर्स नंबर वन पर थे। उन्होंने 2015 में वनडे फॉर्मेट में 58 छक्के लगाए थे। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर क्रिस गेल का नाम है। उन्होंने 2019 में वनडे में 56 छक्के लगाए थे।

रोहित शर्मा ने एबी डीविलियर्स के अलावा इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन का भी बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। दरअसल, एक वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान रोहित शर्मा सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित वर्ल्ड कप 2023 में अब तक 23 छक्के लगा चुके हैं। वहीं इस लिस्ट में इयोन मोर्गन अब दूसरे नंबर पर चले गए हैं। उन्होंने 2019 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान 22 छक्के जड़े थे। वहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर एबी डीविलियर्स का नाम है उन्होंने 2015 वर्ल्ड कप में अफ्रीकी टीम की कप्तानी करते हुए 21 छक्के लगाए थे।

रोहित शर्मा इस वर्ल्ड कप में कमाल की फॉर्म में चल रहे हैं। वह हर मैच में भारतीय टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत दिला रहे हैं। रोहित शर्मा का यह अंदाज फैंस को भी काफी पसंद आ रहा है। उनके इस आक्रमक अंदाज की बल्लेबाजी को देखते हुए फैंस को पूरी उम्मीद है कि इस बार वर्ल्ड कप का खिताब भारतीय टीम अपने नाम करेगी।

Quick Links

App download animated image Get the free App now