IPL में शानदार वापसी के बाद नेट्स में खूब पसीना बहा रहे इशांत शर्मा, दिल्ली कैपिटल्स ने शेयर किया वीडियो

Photo Courtesy : Delhi Capitals
Photo Courtesy : Delhi Capitals

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में इशांत शर्मा ने शानदार वापसी की है। उन्हें 2 साल बाद खेलने का मौका मिला और वह पहले ही मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए इस सीजन में दो मैच खेले हैं और बेहतरीन गेंदबाजी की है। इसके लिए वह खूब नेट्स में पसीना बहा रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें इशांत को गेंदबाजी करते देखा जा सकता है।

पूरे वीडियो में इशांत शर्मा को बेहतरीन लाइन लेंथ से गेंद करते देखा जा सकता है। इशांत को नेट्स में पसीना बहाने का फायदा मैदान पर मिल रहा है। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए थे। इसके बाद उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 3 ओवर में 18 रन देकर 1 विकेट लिया। सनराइजर्स के खिलाफ उन्होंने राहुल त्रिपाठी का विकेट लिया था।

इशांत शर्मा निगाहें आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करके टीम इंडिया में भी वापसी करने पर है। वह भारतीय टीम से लगभग पिछले एक साल से बाहर चल रहे हैं। इंग्लैंड के ओवल में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए चुनी गई टीम में भी उन्हें नहीं शामिल किया गया, जबकि जसप्रीत बुमराह चोटिल हैं। आईपीएल की बात करें तो साल 2021 में भी इशांत शर्मा दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे और उन्हें तब सिर्फ 3 मैच खेलने का मौका मिला था। आईपीएल 2022 से पहले मेगा ऑक्शन में उन्हें किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा। आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें अपने साथ जोड़ा।

आईपीएल 2023 में डेविड वार्नर की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम लगातार 5 मैच हारने के बाद जीत की पटरी पर लौटी। कोलकाता के बाद उसने सनराइजर्स को हराया। टीम 4 अंकों के साथ अंक तालिका में अभी भी आखिरी स्थान पर है। उसे अपना अगला मैच 29 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद से खेलना है। टीम चाहेगी कि वह जीत का सिलसिला बरकरार रखे।

Quick Links