IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स को लगा बड़ा झटका! दिग्गज खिलाड़ी हुआ चोटिल

(Photo Courtesy: IPLt20.com)
(Photo Courtesy: IPLt20.com)

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) का प्रदर्शन का अब तक कुछ खास नहीं रहा है। टीम ने लीग में 4 मुकाबले खेले हैं। जिसमें से 3 मैचों में दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा है। टीम के खराब प्रदर्शन के बीच एक और बुरी खबर निकलकर सामने आ रही है। दरअसल, दिल्ली के स्टार फिरकी गेंदबाज कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) चोटिल हो गए हैं और उन्हें आराम की सलाह दी गई है। ऐसे में वह आने वाले कुछ मुकाबलों से दूर रह सकते हैं।

ईएसपीएनक्रिकइंफो से मिली जानकारी के अनुसार कुलदीप यादव के कमर में चोट आई है। जिस कारण वह कम से कम 2 मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि वह इस चोट से कब तक पूरी तरह से ठीक हो पाएंगे और मैदान पर गेंद से कहर बरपाते नजर आएंगे। हालांकि कुलदीप यादव की यह चोट ज्यादा गंभीर नहीं मानी जा रही है क्योंकि वह टीम के साथ मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले के लिए मुंबई गए हैं। मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला 7 अप्रैल को खेला जाना है।

कुलदीप यादव दिल्ली कैपिटल्स के लिए शुरुआती दो मुकाबले पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलते हुए नजर आए थे। इन दो मैचों में उन्होंने कुल 3 विकेट झटके थे। हालांकि इन मैचों के बाद वह चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ नहीं खेल पाए थे। कुलदीप यादव की चोट से हो रही रिकवरी पर भारतीय चयनकर्ता भी अपनी नजर बारिकी से बनाए हुए हैं। यह फिरकी गेंदबाज आगामी टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग से पहले कुलदीप यादव इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलते हुए नजर आए थे। टेस्ट सीरीज में कुलदीप ने 19 विकेट अपने नाम किए थे। ऐसे में कुलदीप जल्द से जल्द पूरी तरह से ठीक होकर दिल्ली के लिए गेंद से कमाल करना चाहेंगे।

Quick Links