USA में एमएस धोनी कुछ इस तरह से जीत रहे हैं अपने फैन का दिल, देखें दिल छूने वाला वायरल वीडियो 

Neeraj
Photo Courtesy: CricSuperFan X Snapshots
Photo Courtesy: CricSuperFan X Snapshots

टीम इंडिया (Indian Cricket Team) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) जहाँ भी जाते हैं फैंस उन्हें ढूंढ ही लेते हैं। वहीं, धोनी का भी हमेशा से अपने फैंस के प्रति दोस्ताना स्वभाव रहा है। यही वजह है कि कैप्टन कूल सभी के चहिते खिलाड़ी हैं। इन दिनों 'थाला' अमेरिका के दौरे पर हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था जिसमें वह पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ गोल्फ खेलते नजर आये थे। अब धोनी का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें वो अपने फैन को ऑटोग्राफ देकर उनका दिन बनाते नजर आ रहे हैं।

दरअसल, वीडियो में धोनी अपने एक फैन को प्लास्टिक के छोटे-छोटे बल्लों पर ऑटोग्राफ देते दिख रहे हैं। इस दौरान धोनी अपने पुराने वाले बढ़े हुए बालों वाले लुक में नजर आ रहे हैं और उनकी दाढ़ी भी बढ़ी हुई है। इस दौरान धोनी ने फिरोज़ी रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की पैंट पहन रखी है। वहीं, ऑटोग्राफ देने के बाद उन्होंने अपने फैन के साथ कुछ तस्वीरें भी क्लिक कराई।

आप भी देखें यह वीडियो:

टी20 और वनडे वर्ल्ड कप विजेता कप्तान धोनी आखिरी बार आईपीएल 2023 में खेलते हुए दिखे थे जिसमें उन्होंने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवीं बार टाइटल जिताया था। सीजन के खत्म होने के बाद धोनी ने अपनी घुटने की इंजरी से निजात पाने के लिए मुंबई में सर्जरी करवाई थी और पिछले कुछ वक्त से वह अपने शहर रांची में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे थे।

गौरतलब है कि धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। धोनी की गिनती भारत के सबसे सफल कप्तानों में होती है। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को आईसीसी के तीन खिताब जिताये। इसमें 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी शामिल है। धोनी विश्व के इकलौते ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को यह तीनों खिताब जिताये। धोनी अब अपने फैंस को आईपीएल में खेलते हुए नजर आते हैं।

Quick Links

Edited by Rahul
Be the first one to comment