6 वनडे मैच जिसमें सबसे ज्यादा छक्के लगे

6 वनडे मैच जिसमें सबसे ज्यादा छक्के लगे (Photo - BCCI)
6 वनडे मैच जिसमें सबसे ज्यादा छक्के लगे (Photo - BCCI)

एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में पिछले कुछ सालों से बल्लेबाजी का तरीका काफी बदल गया है और बल्लेबाज ज्यादातर बड़े शॉट लगाते नजर आते हैं। इसके पीछे एक प्रमुख कारण है टी20 क्रिकेट। टी20 क्रिकेट के कारण वनडे क्रिकेट की बल्लेबाजी शैली में भी बदलाव आया है। इस वजह से मैचों में छक्के लगते हुए ज्यादा दिखते हैं।

वनडे क्रिकेट में अभी तक 6 बार एक मैच में 30 से ज्यादा छक्के लगने का रिकॉर्ड बन चुका है, जिसमें से एक बार आंकड़ा 40 को भी पार कर चुका है। भारतीय टीम के भी दो मैच इस रिकॉर्ड लिस्ट में शामिल हैं।

आइये नजर डालते हैं 6 ऐसे वनडे मैचों पर जिसमें सबसे ज्यादा छक्के लगे:

# 31 (न्यूजीलैंड vs वेस्टइंडीज, 2015)

मार्टिन गप्टिल
मार्टिन गप्टिल

21 मार्च 2015 को वेलिंग्टन में खेले गए वर्ल्ड कप के चौथे क्वार्टरफाइनल में न्यूजीलैंड का सामना वेस्टइंडीज के खिलाफ था और इस मुकाबले में कुल मिलाकर 31 छक्के लगे थे। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 393/6 का विशाल स्कोर बनाया था, जिसमें मार्टिन गप्टिल का योगदान 237 रनों का था। न्यूजीलैंड की पारी में 15 छक्के लगे, जिसमें सबसे ज्यादा 11 छक्के मार्टिन गप्टिल ने लगाए।

वेस्टइंडीज ने जवाब में 250 रन बनाये, जिसमें 16 छक्के लगे। सबसे ज्यादा आठ छक्के क्रिस गेल ने लगाए।

# 31 (न्यूजीलैंड vs भारत, 2009)

युवराज सिंह
युवराज सिंह

8 मार्च 2009 को न्यूजीलैंड और भारत का मुकाबला क्राइस्टचर्च में हुआ था। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सचिन तेंदुलकर के 163 रनों की मदद से 392/4 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में जेसी राइडर के 105 रनों की शानदार पारी के बावजूद न्यूजीलैंड 334 रन ही बना सकी।

भारतीय पारी में कुल 18 छक्के लगे, जिसमें सबसे ज्यादा 6 छक्के युवराज सिंह ने लगाए। न्यूजीलैंड की पारी में 13 छक्के लगे, जिसमें सबसे ज्यादा चार छक्के राइडर ने लगाए।

# 34 (भारत vs इंग्लैंड, 2021)

ऋषभ पंत
ऋषभ पंत

26 मार्च 2021 को भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 336/6 का स्कोर बनाया, जिसमें 14 छक्के लगे और सबसे ज्यादा सात छक्के ऋषभ पंत ने लगाए।

जवाब में जॉनी बेयरस्टो (112 गेंद 124, 7 छक्के) और बेन स्टोक्स (52 गेंद 99, 10 छक्के) की धुआंधार पारी की मदद से इंग्लैंड ने 43.3 ओवर में ही जबरदस्त जीत हासिल कर ली। इंग्लैंड की पारी में 20 छक्के लगे।

# 33 (इंग्लैंड vs अफगानिस्तान, 2019)

इयोन मॉर्गन
इयोन मॉर्गन

18 जून 2019 को मैनचेस्टर में इंग्लैंड और अफगानिस्तान के बीच वर्ल्ड कप का 24वां मैच खेला गया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इयोन मॉर्गन (71 गेंद 148, विश्व रिकॉर्ड 17 छक्के) के धुआंधार शतक की मदद से 397/6 का स्कोर बनाया। इंग्लैंड की पारी में 25 छक्के लगे, जो वनडे की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है।

जवाब में अफगानिस्तान ने 247/8 का स्कोर बनाया, जिसमें 8 छक्के लगे। सबसे ज्यादा दो-दो छक्के हशमतुल्लाह शाहिदी और असगर अफगान ने लगाये।

# 38 (भारत vs ऑस्ट्रेलिया, 2013)

रोहित शर्मा
रोहित शर्मा

2 नवंबर 2013 को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सात मैचों की सीरीज का आखिरी मैच बैंगलोर में खेला गया। रोहित शर्मा ने इसी मैच में पहली बार दोहरा शतक लगाया था और अपनी 209 रनों की पारी में उन्होंने 16 छक्के लगाये थे। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 383/6 का स्कोर बनाया, जिसमें 19 छक्के लगे।

जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम जेम्स फॉकनर (73 गेंद 116) के धुआंधार शतक के बावजूद 326 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। ऑस्ट्रेलियाई पारी में भी 19 छक्के लगे, जिसमें सबसे ज्यादा सात छक्के ग्लेन मैक्सवेल ने लगाए।

# 46 (वेस्टइंडीज vs इंग्लैंड, 2019)

क्रिस गेल
क्रिस गेल

27 फरवरी 2019 को ग्रेनाडा में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच खेले गए सीरीज के चौथे वनडे में 46 छक्कों का विश्व रिकॉर्ड बना था। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 418/6 का स्कोर बनाया, जिसमें 24 छक्के लगे और सबसे ज्यादा 12 छक्के जोस बटलर (77 गेंद 150) ने लगाये।

जवाब में वेस्टइंडीज की टीम ने भी धुआंधार बल्लेबाजी की, लेकिन उनकी पूरी टीम 389 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और वह लक्ष्य से पीछे रह गए। वेस्टइंडीज की पारी में 22 छक्के लगे, जिसमें सबसे ज्यादा 14 छक्के क्रिस गेल (97 गेंद 162) ने लगाए।

Quick Links