आज ही के दिन भारत के दो बल्लेबाजों ने जड़ा था दोहरा शतक, पूर्व कप्तान ने बनाया था ऐतिहासिक रिकॉर्ड

India v Australia - 5th ODI
सचिन तेंदुलकर के नाम वनडे में पहला दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड है

24 फरवरी का दिन भारतीय क्रिकेट के लिहाज से काफी अहम है। इसी दिन दो भारतीय क्रिकेटरों के नाम दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने 24 फरवरी 2010 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर में खेले गए वनडे मुकाबले में दोहरा शतक लगाया था। वहीं टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एम एस धोनी (MS Dhoni) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2013 में चेन्नई में खेले गए टेस्ट मैच में आज ही के दिन अपना दोहरा शतक पूरा किया था।

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर वनडे क्रिकेट इतिहास में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज थे। उन्होंने ये कारनामा 24 फरवरी 2010 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर में किया था। उनसे पहले किसी भी बल्लेबाज ने वनडे में दोहरा शतक नहीं लगाया था और तेंदुलकर ये कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने उस मैच में सिर्फ 147 गेंद पर 25 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 200 रन बनाए थे और टीम को 401 के स्कोर तक पहुंचा दिया था। सचिन तेंदुलकर के बाद दुनिया में कई सारे खिलाड़ियों ने वनडे में दोहरा शतक लगाया लेकिन सचिन के नाम सबसे पहले दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है।

एम एस धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया था दोहरा शतक

वहीं 24 फरवरी 2013 को एम एस धोनी ने अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया था और वो ये कारनामा करने वाले भारत के पहले विकेटकीपर बने थे। एम एस धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में खेले गए मैच में 265 गेंद पर 24 चौके और 6 छक्के की मदद से 224 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। भारतीय टीम ने इस मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम किया था। एम एस धोनी की ये पारी उनके टेस्ट करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी थी। धोनी ने अपने करियर में 90 टेस्ट मैच खेले थे।

Quick Links

App download animated image Get the free App now