जेसन रॉय ने किया सब धुआं-धुआं, शतक जड़कर अकेले 241 का लक्ष्य हासिल कर रचा इतिहास

जेसन रॉय ने बेहद ही तूफानी पारी खेली
जेसन रॉय ने बेहद ही तूफानी पारी खेली

पाकिस्तान सुपर लीग में क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने इतिहास रच दिया। क्वेटा ने पेशावर जाल्मी को हरा दिया और लीग में सबसे बड़ा स्कोर चेज करने वाली टीम बन गई। पहले खेलते हुए पेशावर ने 2 विकेट पर 240 रनों का स्कोर हासिल किया। जवाबी पारी में खेलते हुए क्वेटा ने दस गेंद शेष रहते 2 विकेट खोकर 243 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

पेशावर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। सैम अयूब और बाबर आज़म ने मिलकर तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 162 रन जोड़े। अयूब 34 गेंदों का सामना कर 74 के निजी स्कोर पर चलते बने लेकिन बाबर आज़म खेलते रहे। रोवमैन पॉवेल ने भी आकर धुआंधार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। बाबर आज़म ने 60 गेंदों में शतक जमा दिया। वह 65 गेंद में 115 रन बनाकर आउट हुए। पॉवेल ने 18 गेंद में नाबाद 35 रन की पारी खेली। इस तरह पेशावर ने 2 विकेट पर 240 रनों का बड़ा स्कोर बोर्ड पर लगा दिया। ड्वेन प्रिटोरियस को एक विकेट हासिल हुआ।

जवाब में खेलते हुए क्वेटा ने धुआंधार शुरुआत की। मार्टिन गप्टिल ने खतरनाक इरादे दिखाए लेकिन 8 गेंदों का सामना कर 21 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। यहाँ से जेसन रॉय और विल स्मीड ने धमाका किया। दोनों मिलकर स्कोर 150 तक ले गए। स्मीड को 26 पर मुजीब ने आउट कर यह भागीदारी तोड़ी लेकिन उनके बाद खेलने के लिए आए मोहम्मद हफीज ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। जेसन रॉय ने 44 गेंद में शतक जमा दिया। हफीज और रॉय टीम को दस गेंद शेष रहते जीत दिलाकर ले गए और इतिहास रच दिया। रॉय ने 63 गेंद में नाबाद 145 रन बनाए। हफीज ने 18 गेंद में नाबाद 41 रन बनाए। वहाब रियाज और मुजीब उर रहमान को 1-1 विकेट मिला।

Edited by निरंजन