रणजी ट्रॉफी 2018-19, तीसरा राउंड: पहले दिन का राउंड अप

Enter caption

रणजी ट्रॉफी 2018-19 का तीसरा राउंड आज से शुरु हुआ। पहले दिन विदर्भ के लिए उनके कप्तान फैज फजल और दिग्गज खिलाड़ी वसीम जाफर ने शानदार शतक जड़ा। झारखंड के लिए तेज गेंदबाज वरुण एरोन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए तो वहीं इरफान पठान ने जम्मू-कश्मीर के लिए ऑलराउंड प्रदर्शन किया। इसके अलावा और भी कई खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

आइये नज़र डालते हैं पहले दिन के खेल के राउंड-अप पर:

# एलीट ग्रुप ए:

बेलागवी में कर्नाटक ने मुंबई के खिलाफ पहले दिन 4 विकेट पर 263 रन बनाए। कृष्णमूर्ति सिद्धार्थ 104 रन बनाकर खेल रहे हैं।

नागपुर में विदर्भ ने बड़ौदा के खिलाफ पहले दिन 1 विकेट पर 228 रन बनाए। कप्तान फैज फजल 108 और वसीम जाफर 110 रन बनाकर नाबाद हैं।

रायपुर में छत्तीसगढ़ ने रेलवे के खिलाफ पहले दिन 222/5 का स्कोर बनाया। कप्तान हरप्रीत सिंह ने 79 रनों की पारी खेली।

नाडियाड में गुजरात ने सौराष्ट्र के खिलाफ पहले दिन 6 विकेट पर 269 रन बनाए। पियूष चावला 20 रन बनाकर खेल रहे हैं। मनप्रीत जुनेजा ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए। सौराष्ट्र के लिए रविंद्र जडेजा इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।

# एलीट ग्रुप बी:

कोलकाता में बंगाल की टीम केरल के खिलाफ पहली पारी में 147 रन बनाकर सिमट गई। बेसिल थंपी ने 4 विकेट झटके। जवाब में केरल का स्कोर 35/1 है। जलज सक्सेना 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

हैदराबाद में दिल्ली के खिलाफ हैदराबाद ने पहले दिन 3 विकेट पर 232 रन बनाए। तन्मय अग्रवाल 112 रन बनाकर खेल रहे हैं। गौतम गंभीर और इशांत शर्मा को इस मैच में आराम दिया गया है।

ओंगोले में आंध्रा ने तमिलनाडु के खिलाफ 8 विकेट पर 198 रन बनाए।

इंदौर में पंजाब ने मध्य प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में 4 विकेट पर 253 रन बना लिए हैं। जीवनजोत सिंह 123 रन बनाकर खेल रहे हैं। कप्तान मनदीप सिंह ने 30 रन बनाए। एमपी के लिए आवेश खान ने 1 विकेट लिया।

# एलीट ग्रुप सी:

रांची में राजस्थान की टीम झारखंड के खिलाफ 100 रन पर सिमट गई। झारखंड के लिए वरुण एरोन ने 5 विकेट लिए। जवाब में पहले दिन स्टंप्स के समय झारखंड का स्कोर 92/5 है।

गुवाहाटी में ओडिशा के खिलाफ असम पहली पारी में 121 रन पर आल आउट हो गई। जवाब में ओडिशा का स्कोर 86/3 है।

रोहतक में हरियाणा ने गोवा के खिलाफ पहले दिन 9 विकेट पर 263 रन बनाए।

श्रीनगर में त्रिपुरा की टीम जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में 124 रन पर आल आउट हो गई। जम्मू-कश्मीर के लिए कप्तान परवेज रसूल ने 5 और इरफान पठान ने 2 विकेट लिए। जवाब में जम्मू-कश्मीर का स्कोर 154/1 है। इरफान पठान 47 रन बनाकर खेल रहे हैं।

दिल्ली में सर्विसेज ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ पहले दिन 8 विकेट पर 256 रन बनाए। यूपी की तरफ से अंकित राजपूत और शिवम मावी ने 3-3 विकेट लिए।

प्लेट ग्रुप:

शिलॉन्ग में मेघालय ने नागालैंड के खिलाफ पहले दिन 338/5 का स्कोर बनाया। राज बिस्वा ने 111 और योगेश नागर ने 166 रनों की पारी खेली।

जोरहट में मिजोरम की टीम मणिपुर के खिलाफ पहली पारी में 219 रन ही बना पाई। तरुवर कोहली ने सबसे ज्यादा 100 रन बनाए। जवाब में मणिपुर का स्कोर 54/3 है।

भुवनेश्वर में उत्तराखंड ने सिक्किम के खिलाफ पहले दिन 5 विकेट पर 290 रन बना लिए हैं। सौरभ रावत 115 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि कप्तान रजत भाटिया ने 121 रनों की पारी खेली।

पुड्डचेरी में बिहार और पुड्डुचेरी के बीच पहले दिन का खेल नहीं हो पाया।

क्रिकेट की ब्रेकिंग न्यूज़ और ताज़ा ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें

Quick Links