मनीष पांडे का दोहरा शतक, सूर्यकुमार यादव शतक से चूके, रियान पराग की तूफानी पारी 

मनीष पांडे ने जबरदस्त पारी खेली और दोहरा शतक जड़ा
मनीष पांडे ने जबरदस्त पारी खेली और दोहरा शतक जड़ा

Ranji Trophy 2022-23 के तीसरे राउंड का आज दूसरा दिन रहा। तीसरे राउंड में भी पांच ग्रुप के 19 मैच खेले जा रहे हैं। दूसरे दिन कर्नाटक के बल्लेबाज मनीष पांडे ने शानदार नाबाद दोहरा शतक लगाया। वहीं सूर्यकुमार यादव शतक से चूक गए लेकिन एक शानदार पारी खेली। रियान पराग ने टी20 के अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए एक तूफानी अर्धशतक जड़ा। वहीं राजस्थान ने पुडुचेरी के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की।

आइये नज़र डालते हैं रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड के दूसरे दिन के राउंड अप पर:

एलिट, ग्रुप ए

बड़ौदा के खिलाफ उत्तर प्रदेश की पहली पारी 258 पर सिमट गई। टीम के लिए अक्षदीप नाथ ने सबसे ज्यादा 71 रन बनाये। जवाब में बड़ौदा ने निनाद राठवा के नाबाद 93 रनों की बदौलत 221/6 का स्कोर बना लिया था।

हिमाचल प्रदेश की पहले पारी के स्कोर 49 रन के जवाब में, उत्तराखंड ने 336 रन बनाये। आदित्य तारे ने सर्वाधिक 92 और अभय नेगी ने 70 रनों की पारी खेली। हिमाचल प्रदेश ने अपनी दूसरी पारी में आकाश वसिष्ट के नाबाद 73 रनों की बदौलत 277/4 का स्कोर बना लिया था।

हरियाणा की पहली पारी 338 पर सिमट गई, जवाब में ओडिशा ने अपने दोनों ओपनर्स के अर्धशतकों की मदद से 204/3 का स्कोर बना लिया था।

बंगाल के खिलाफ नागालैंड की पहली पारी 166 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। जवाब में बंगाल ने अपनी पहली पारी में 336/4 का स्कोर बना लिया था। अभिमन्यु ईश्वरन ने 170 रनों की शानदार पारी खेली। सुदीप कुमार ने भी 104 रन बनाये।

एलिट, ग्रुप बी

आंध्रा ने अपनी पहली पारी में करन शिंदे के 52 रनों की मदद से 211 रन बनाये। जवाब में महाराष्ट्र ने अपनी दूसरी पारी में 89/1 का स्कोर बना लिया था। ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ 51 रन बनाकर नाबाद हैं।

असम की पहली पारी के जवाब में हैदराबाद ने 208 रन बनाये। टीम के लिए रोहित रायडू ने सर्वाधिक 60 रनों की पारी खेली। असम ने दूसरी पारी में 39 ओवर में 182/6 का स्कोर बना लिया था। रियान पराग ने महज 28 गेंदों में आठ चौकों और छह छक्कों की बदौलत 78 रनों की जबरदस्त पारी खेली।

तमिलनाडु के खिलाफ दिल्ली ने अपनी पहली पारी में 303 रन बनाये। प्रांशु विजयरान ने सर्वाधिक 58 रन बनाये। जवाब में तमिलनाडु ने बाबा इंद्रजीत के 71 और बाबा अपराजित के 57 रनों की बदौलत 214/5 का स्कोर बना लिया था। टीम अभी भी 89 रन पीछे है।

सौराष्ट्र के खिलाफ मुंबई ने अपनी पहली पारी में 230 रन बनाये। सूर्यकुमार यादव ने 95 और सरफ़राज़ खान ने 75 रन बनाये। सौराष्ट्र ने अपनी दूसरी पारी में 120/6 का स्कोर बना लिया था। प्रेरक मांकड़ 25 और धर्मेंद्रसिंह जडेजा 24 रन बनाकर नाबाद हैं। टीम की बढ़त 179 रनों की हो गई है।

एलिट, ग्रुप सी

गोवा के खिलाफ कर्नाटक ने अपनी पहली पारी 603/7 के स्कोर पर घोषित की। मनीष पांडे ने नाबाद 208 रन बनाये। जवाब में गोवा ने 45/1 का स्कोर बना लिया था।

पुडुचेरी के खिलाफ राजस्थान की पहली पारी 335 पर सिमट गई। जवाब में पुडुचेरी की पहली पारी 104 पर सिमट गई। फॉलोऑन खेलते हुए टीम की दूसरी पारी 130 पर ढेर हो गई। इस तरह राजस्थान ने एक पारी और 101 रनों से जीत दर्ज की। मुकाबले में मानव सुथार ने टीम के लिए 96 रन बनाने के अलावा 11 विकेट भी चटकाए।

झारखंड के खिलाफ सेना ने अपनी पहली पारी में 367 रन बनाये। मोहित राठी ने सर्वाधिक 69 रनों का योगदान दिया। जवाब में झारखंड ने कुमार सूरज के नाबाद 75 रनों की बदौलत 228/4 का स्कोर बना लिया था।

छत्तीसगढ़ के खिलाफ केरल की पहली पारी 311 पर सिमट गई। कप्तान संजू सैमसन ने 46 रनों की पारी खेली। जवाब में छत्तीसगढ़ ने अपनी दूसरी पारी में 10/2 का स्कोर बना लिया था और अभी भी केरल की पहली पारी के स्कोर से 152 रन पीछे है।

एलिट, ग्रुप डी

जम्मू कश्मीर के खिलाफ विदर्भ की पहली पारी 272 रनों पर सिमट गई। आदित्य सरवटे ने सबसे ज्यादा 75 रन बनाये। जम्मू कश्मीर ने अपनी दूसरी पारी में 75/3 का स्कोर बना लिया था।

गुजरात के खिलाफ चंडीगढ़ ने अपनी पहली पारी में 304 का स्कोर बनाया, जिसमें बी लाथर ने सर्वाधिक 87 रन बनाये। जवाब में गुजरात ने अपनी पहली पारी में 249/3 का स्कोर बना लिया था। कप्तान प्रियंक पांचाल 87 रन बनाकर नाबाद हैं।

रेलवे की पहली पारी के जवाब में, मध्य प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 243/8 का स्कोर बना लिया था। रजत पाटीदार ने 54 रन बनाये। टीम अभी भी 31 रन पीछे है।

त्रिपुरा के खिलाफ पंजाब की पहली पारी 203 पर सिमट गई, जिसमें प्रभसिमरन सिंह ने 55 और कप्तान मंदीप सिंह ने 41 रनों का योगदान दिया। जवाब में अपनी पहली पारी में त्रिपुरा ने 17/0 का स्कोर बना लिया था।

प्लेट ग्रुप

सिक्किम के खिलाफ मिजोरम ने पहली पारी में 263 रन बनाये। जवाब में सिक्किम की पहली पारी 176 के स्कोर पर सिमट गई।

अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मणिपुर ने अपनी पहली पारी में 287 रन बनाये और 44 रनों की बढ़त हासिल की। जवाब में अरुणाचल प्रदेश ने अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 20 रन बना लिए थे।

मेघालय के खिलाफ बिहार ने अपनी पहली पारी में 264 रन बनाये। राजेश बिश्नोई ने 6 विकेट चटकाए। जवाब में मेघालय ने अपनी पहली पारी में 167 का स्कोर बनाया। बिहार ने अपनी दूसरी पारी में 73/3 का स्कोर बना लिया था।

Quick Links

App download animated image Get the free App now