भारतीय गेंदबाज ने 8 विकेट लेकर चौंकाया, आरसीबी के बल्लेबाज का जबरदस्त शतक, पृथ्वी शॉ की तेज़ पारी

जयदेव उनादकट ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया
जयदेव उनादकट ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया

Ranji Trophy 2022-23 के चौथे राउंड की आज से शुरुआत हुई। चौथे राउंड में भी पांच ग्रुप के 19 मैच खेले जा रहे हैं। पहले दिन प्रमुख खिलाड़ियों में जयदेव उनादकट ने घातक गेंदबाजी करते हुए आठ विकेट चटकाए। मेघालय के पुनीत बिष्ट ने दोहरा शतक जड़ा। वहीं अभिमन्यु ईश्वरन और रजत पाटीदार ने शतक जड़ा। इसके अलावा पृथ्वी शॉ ने भी तेज पारी खेली।

आइये नज़र डालते हैं रणजी ट्रॉफी के चौथे राउंड के पहले दिन के राउंड अप पर:

एलिट, ग्रुप ए

हिमाचल प्रदेश के खिलाफ बड़ौदा ने पहले दिन 327/7 का स्कोर बनाया। कप्तान विष्णु सोलंकी ने नाबाद 164 रन बनाये। वहीं प्रियांशु मोलिया ने 47 रनों की पारी खेली।

उत्तराखंड के खिलाफ बंगाल ने पहले दिन 269/3 का स्कोर बनाया। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन 141 रन बनाकर नाबाद थे।

उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच खराब मौसम की वजह से टॉस भी संभव नहीं हुआ।

ओडिशा के खिलाफ नागालैंड ने 291/6 का स्कोर बनाया। चेतन बिष्ट 94 रन बनाकर नाबाद थे। वहीं श्रीकांत मुंढे ने भी 66 रनों की पारी खेली।

एलिट, ग्रुप बी

सौराष्ट्र के खिलाफ दिल्ली की पहली पारी 133 रनों पर सिमट गई। पहले ओवर में ही हैट्रिक लेने वाले विपक्षी कप्तान जयदेव उनादकट ने आठ विकेट चटकाए। सौराष्ट्र ने अपनी पहली पारी में पहले दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट खोकर 184 रन बना लिए थे और 51 रनों की बढ़त ले ली थी। हार्विक देसाई 104 रन बनाकर नाबाद थे।

मुंबई के खिलाफ तमिलनाडु की पहली पारी 144 पर सिमट गई। जवाब में मुंबई ने अपनी पहली पारी में 183/6 का स्कोर बना लिया था और 39 रनों की बढ़त ले ली थी। पृथ्वी शॉ ने 33 गेंदों में 35 रनों की तेज पारी खेली। वहीं सरफ़राज़ खान 46 रन बनाकर नाबाद थे।

हैदराबाद के खिलाफ आंध्रा की पहली पारी 135 पर सिमट गई। रवि तेजा ने पांच विकेट चटकाए। जवाब में दिन का खेल समाप्त होने तक हैदराबाद ने 79/3 का स्कोर बना लिया था।

महाराष्ट्र के खिलाफ पहले दिन के स्टंप्स तक असम ने 272/9 का स्कोर बना लिया था। आकाश सेनगुप्ता 63 रन बनाकर नाबाद थे।

एलिट, ग्रुप सी

राजस्थान के खिलाफ झारखंड की पहली पारी महज 92 पर सिमट गई। अनिकेत चौधरी और तनवीर-उल-हक़ ने चार-चार विकेट चटकाए। वहीं पहले दिन का खेल खत्म होने तक राजस्थान ने 101/4 का स्कोर बना लिया था। यश कोठारी ने 52 रन बनाये।

गोवा के खिलाफ केरल ने अपनी पहली पारी में 247/5 का स्कोर बनाया। रोहन प्रेम 112 रन बनाकर नाबाद थे। सचिन बेबी ने भी 46 रनों की पारी खेली।

कर्नाटक के खिलाफ छत्तीसगढ़ ने पहले दिन 267/5 का स्कोर बनाया। आशुतोष सिंह 118 रन बनाकर नाबाद थे।

सेना के खिलाफ पुडुचेरी ने अपनी पहली पारी में 216 रन बनाये। अरुण कार्तिक ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाये। जवाब में सेना ने बिना किसी नुकसान के 64 रन का स्कोर बना लिया था। राहुल सिंह 40 और रवि चौहान 23 रन बनाकर नाबाद थे।

एलिट, ग्रुप डी

त्रिपुरा के खिलाफ चंडीगढ़ ने पहले दिन 313/2 का स्कोर बना लिया था। मनन वोहरा 124 और कुणाल महाजन 103 रन बनाकर नाबाद थे।

विदर्भ के खिलाफ मध्य प्रदेश ने 234/6 का स्कोर बनाया। रजत पाटीदार ने शतक बनाते हुए 121 रनों की पारी खेली। वहीं सारांश जैन 45 रन बनाकर नाबाद थे।

जम्मू एंड कश्मीर के खिलाफ रेलवे ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 322/8 का स्कोर बनाया। मोहम्मद सैफ 161 रन बनाकर नाबाद थे।

गुजरात के खिलाफ पंजाब ने 276/7 का स्कोर बनाया। नेहाल वढेरा 120 रन बनाकर नाबाद थे।

प्लेट ग्रुप

अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मेघालय ने पुनीत बिष्ट के नाबाद 205 रनों की बदौलत 424/3 का स्कोर बनाया। किशन लिंगदोह ने भी 128 रन बनाये।

बिहार और सिक्किम के बीच पहले दिन खराब लाइट के कारण टॉस भी संभव नहीं हो पाया।

मणिपुर के खिलाफ मिजोरम की पहली पारी 104 पर सिमट गई। फेरोइजम जोतिन ने चार विकेट चटकाए। जवाबी पारी में मणिपुर ने 117/4 का स्कोर बना लिया था और 13 रनों की बढ़त ले ली थी।

Quick Links