जयदेव उनादकट की टीम का रणजी ट्रॉफी खिताब जीतना लगभग तय, बंगाल को बड़े चमत्कार की जरूरत

सौराष्ट्र की स्थिति काफी मजबूत हो गई है
सौराष्ट्र की स्थिति काफी मजबूत हो गई है

ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) 2022-23 के फाइनल मुकाबले के दूसरे दिन सौराष्ट्र ने बंगाल के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली। दूसरे दिन स्टंप्स तक सौराष्ट्र ने 87 ओवर में 317/5 का स्कोर बना लिया था और उनकी कुल बढ़त 143 रनों की हो गई थी। अर्पित वसावडा 81 और चिराग जानी 57 रन बनाकर नाबाद थे।

सौराष्ट्र ने दूसरे दिन अपनी पारी 81/2 के स्कोर से आगे शुरू की। कल के नाबाद बल्लेबाज हार्विक देसाई अर्धशतक पूरा करने में सफल रहे। वह 50 रन बनाकर 101 के स्कोर पर आउट हुए। उन्हें मुकेश कुमार ने एलबीडबल्यू आउट किया। नाईटवॉचमैन चेतन सकारिया भी 8 रन बनाकर चलते बने। यहाँ से शेल्डन जैक्सन और अर्पित वसावडा ने मोर्चा संभाला और डटकर बल्लेबाजी की। दोनों ने स्कोर को 200 के पार पहुँचाया। जैक्सन 59 रन बनाकर 204 के स्कोर पर ईशान पोरेल का शिकार बने। वसावडा ने चिराग जानी के साथ पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को 300 के पार ले गए। दिन का खेल समाप्त होने तक 87 ओवर में 317/5 का स्कोर बना लिया था। अर्पित 155 गेंदों में 11 चौके की मदद से 81 रन बनाकर नाबाद थे। वहीं चिराग जानी ने भी 10 चौके की मदद से 57 रन बनाये। बंगाल के लिए मुकेश कुमार और ईशान पोरेल ने दो-दो विकेट लिए।

सौराष्ट्र की बढ़त 143 रन की है और उसके अभी पांच विकेट शेष हैं। कल टीम का लक्ष्य 250 के करीब बढ़त लेने का होगा। वहीं बंगाल की टीम मैच में काफी पीछे नजर आ रही है। टीम का बल्लेबाजी में भी खास प्रदर्शन नहीं रहा और अब गेंदबाजी में भी धार नजर नहीं आई। ऐसे में दूसरी पारी में टीम के बल्लेबाजों को अपना पूरा दमखम दिखाना होगा तभी मैच में वापसी हो पायेगी। देखना होगा कि कल का खेल किसके पक्ष में रहता है।

Quick Links