केदार जाधव दोहरे शतक से चूके, रियान पराग की लगातार दूसरी शतकीय पारी, नितीश राणा की धुआंधार बल्लेबाजी 

(Snapshot: Jio Cinema)
(Snapshot: Jio Cinema)

Ranji Trophy 2023-24 के दूसरे राउंड में भी 19 मुकाबले हुए, जिसमें ग्रुप ए, बी, सी, डी के चार-चार और प्लेट ग्रुप के तीन मुकाबले खेले गए। तीसरे दिन शेष 17 मुकाबलों में खेल हुआ, जिसमें से तीन मुकाबलों का नतीजा आज भी निकला। प्रमुख खिलाड़ियों में महाराष्ट्र के कप्तान केदार जाधव ने बेहतरीन पारी खेली लेकिन दोहरा शतक लगाने से चूक गए। वहीं, असम के कप्तान रियान पराग एक बार फिर अपने टीम के लिए अकेले खड़े रहे और जबरदस्त शतक बनाया। उत्तर प्रदेश के नितीश राणा ने एक तेजतर्रार पारी खेली और अर्धशतक के नजदीक थे।

आइये नज़र डालते हैं रणजी ट्रॉफी के तीसरे दिन के राउंड अप पर:

एलिट, ग्रुप ए

सौराष्ट्र के खिलाफ हरियाणा ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। दूसरी पारी में सौराष्ट्र ने 220 का स्कोर बनाया और 166 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे हरियाणा ने कप्तान अशोक मनेरिया के नाबाद 58 रनों की बदौलत हासिल कर लिया। हरियाणा के निशांत सिंधु (1/23, 5/83 और 24) को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

झारखंड के 403 के जवाब में महाराष्ट्र ने 543/4 का स्कोर बना लिया था और उसकी बढ़त 140 रनों की हो गई थी। केदार जाधव ने 216 गेंदों में 182 रनों की पारी खेली। वहीं, अंकित बावने 114 रन बनाकर नाबाद थे।

सर्विसेज ने अपनी पहली पारी 466/4 के स्कोर पर घोषित की। तीसरे दिन कप्तान रजत पालीवाल शतक बनाने में कामयाब रहे। जवाबी पारी में राजस्थान ने 131/9 का स्कोर बना लिया था, जिसमें कप्तान दीपक हूडा सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हो गए।

एलिट, ग्रुप बी

असम ने कप्तान रियान पराग के 116 रनों की बदौलत 231/7 का स्कोर बना लिया था और अभी भी केरल की पहली पारी के स्कोर से टीम 188 रन पीछे थी।

छत्तीसगढ़ ने अपनी पहली पारी 329/2 के स्कोर पर घोषित की और 221 रनों की विशाल बढ़त हासिल की। आज ऋषभ तिवारी और आशुतोष सिंह शतक जड़ने में कामयाब रहे। अपनी दूसरी पारी में बिहार ने 144/3 का स्कोर बना लिया था।

बंगाल के खिलाफ उत्तर प्रदेश ने अपनी दूसरी पारी में 178/4 का स्कोर बना लिया था और उसकी बढ़त 50 रनों की हो गई थी। नितीश राणा 43 गेंदों में 47 रन बनाकर नाबाद थे।

मुंबई के 395 के जवाब में आंध्रा की पहली पारी 184 पर सिमट गई, जिसमें शम्स मुलानी ने 6 विकेट झटके। फॉलोऑन खेलते हुए आंध्रा ने 164/5 का स्कोर बना लिया था। दूसरी पारी में भी मुलानी 3 विकेट ले चुके थे।

एलिट, ग्रुप सी

त्रिपुरा और तमिलनाडु के बीच तीसरे दिन खराब रोशनी के कारण खेल संभव नहीं हुआ।

कर्नाटक की पहली पारी 374 पर सिमटी, तीसरे दिन मनीष पांडे 88 के निजी स्कोर पर आउट हुए। गुजरात ने अपनी दूसरी पारी में 171/7 का स्कोर बना लिया था और उसकी बढ़त 61 रनों की हो गई थी।

रेलवे की पहली पारी 345 पर सिमटी, जिसके जवाब में पंजाब ने 93/6 का स्कोर बना लिया था। हिमांशु सांगवान 4 विकेट ले चुके थे।

चंडीगढ़ ने अपनी पहली पारी में 348/5 का स्कोर बना लिया था, जिसमें कप्तान कुणाल महाजन 109 रन बनाकर नाबाद थे। टीम अभी भी गोवा के पहली पारी के स्कोर 270 रन पीछे थी।

एलिट, ग्रुप डी

ओडिशा ने अपनी पहली पारी में 498 का स्कोर बनाया, तीसरे दिन हर्षित राठौड़ 60 रन बनाकर नाबाद रहे। जवाबी पारी में मध्य प्रदेश ने 246/6 का स्कोर बना लिया था। हर्ष गवली 137 रन बनाकर नाबाद थे।

अपनी दूसरी पारी में उत्तराखंड ने 227 का स्कोर बनाया और 195 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए हिमाचल प्रदेश ने सिर्फ 39 के स्कोर तक 6 विकेट गंवा दिए थे।

बड़ौदा ने अपनी दूसरी पारी में 154 का स्कोर बनाकर 218 का लक्ष्य रखा, जिसका पीछा करते हुए पांडिचेरी 119 रन बनाकर ढेर हो गई। बड़ौदा के भार्गव भट्ट (5/49 और 6/46) को मुकाबले में 11 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

जम्मू एंड कश्मीर के खिलाफ दिल्ली ने बिना किसी नुकसान के 3 रन बना लिए थे और आज का खेल भी खराब रोशनी की भेंट चढ़ गया।

प्लेट ग्रुप

सिक्किम ने अरुणाचल प्रदेश को एक पारी और 288 रनों से हराया। तीसरे दिन फॉलोऑन खेलने उतरी अरुणाचल प्रदेश अपनी दूसरी पारी में 158 रन बनाकर ढेर हो गई। सिक्किम के अंकुर मलिक (100* और 5/27) को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मिजोरम के खिलाफ नागालैंड ने अपनी दूसरी पारी में 347/4 का स्कोर बना लिया था और उसकी बढ़त 202 रनों की हो गई थी। सेडेज़हली रूपेरो 143 रन बनाकर नाबाद थे।

Quick Links

App download animated image Get the free App now