पृथ्वी शॉ की वापसी रही फीकी, जडेजा का जबरदस्त ऑलराउंड प्रदर्शन, संजू सैमसन की बेहतरीन पारी

(Photo Courtesy: PTI)
(Photo Courtesy: PTI)

Ranji Trophy 2023-24 के पांचवें राउंड की शुरुआत शुक्रवार, 2 फरवरी से हुई। इस राउंड में भी कुल मिलाकर 19 मैच खेले जा रहे हैं, जिसमें ग्रुप ए, बी, सी, डी के चार-चार और प्लेट ग्रुप के तीन मुकाबले खेले गए। पहले दिन कई टीमों की तरफ से जबरदस्त बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला, तो कुछ ने निराश भी किया। प्रमुख खिलाड़ियों में मुंबई के पृथ्वी शॉ ने चोट से उबरकर वापसी की लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 35 रन बनाये। केरल के संजू सैमसन ने अर्धशतक बनाया। राजस्थान के कप्तान दीपक हूडा ने भी कप्तानी पारी खेली।

आइये नज़र डालते हैं रणजी ट्रॉफी के पांचवें राउंड के पहले दिन के राउंड अप पर:

एलिट, ग्रुप ए

झारखंड के खिलाफ मणिपुर की पहली पारी 62.4 ओवर में 170 पर सिमट गई, जिसमें शाहबाज़ नदीम ने पांच विकेट लिए। जवाब में झारखंड ने अपनी पहली पारी में 96/1 का स्कोर बना लिया था। उत्कर्ष सिंह 50 रन बनाकर नाबाद थे।

महाराष्ट्र के खिलाफ सौराष्ट्र ने अपनी पहली पारी में 202 का स्कोर बनाया, धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने 72 और प्रेरक मांकड़ ने 56 रन बनाये। हितेश वालनुज ने छह और तरनजीतसिंह ढिल्लन ने चार विकेट लिए। जवाब में महाराष्ट्र ने 116/7 का स्कोर बना लिया था, जिसमें जडेजा ने चार विकेट लिए।

विदर्भ के खिलाफ राजस्थान ने अपनी पहली पारी में 275/5 का स्कोर बनाया। कप्तान दीपक हूडा ने 77 और सलमान खान ने 52 रन बनाये।

हरियाणा के खिलाफ सर्विसेज ने पहले दिन 72/7 का स्कोर बनाया। अमन कुमार ने चार विकेट लिए।

एलिट, ग्रुप बी

बंगाल के खिलाफ मुंबई ने अपनी पहली पारी में 330/6 का स्कोर बना लिया था। कप्तान शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 72 रन बनाये।

आंध्रा के खिलाफ बिहार की टीम पहले दिन 182 का स्कोर बनाकर ऑलआउट हो गई, जिसमें रघुवेन्द्र प्रताप सिंह ने 92 रन बनाये। वहीं, गिरिनाथ रेड्डी ने पांच विकेट लिए।

छत्तीसगढ़ के खिलाफ केरल ने 219/4 का स्कोर बना लिया था। संजू सैमसन 57 रनों की पारी खेलकर नाबाद थे।

असम के खिलाफ उत्तर प्रदेश ने 319/2 का स्कोर बनाया। आर्यन जुयाल 162 और करन शर्मा 108 रन बनाकर नाबाद थे।

एलिट, ग्रुप सी

कर्नाटक के खिलाफ रेलवे की पहली पारी 155 पर सिमट गई। जवाब में कर्नाटक ने 90/6 का स्कोर बना लिया था।

चंडीगढ़ के खिलाफ पंजाब ने 307/2 का स्कोर बना लिया था। अनमोलप्रीत सिंह 132 और प्रभसिमरण सिंह 76 रन बनाकर नाबाद थे।

तमिलनाडु के खिलाफ गोवा की पहली पारी 241 पर सिमटी, जिसमें सुयश प्रभुदेसाई ने सबसे ज्यादा 104 रन बनाये और आर साई किशोर ने चार विकेट लिए। जवाब में तमिलनाडु ने 20/0 का स्कोर बनाया।

गुजरात के खिलाफ त्रिपुरा ने पहली पारी में 146 का स्कोर बनाया। जवाब में गुजरात ने 127/4 का स्कोर बना लिया था।

एलिट, ग्रुप डी

पांडिचेरी के खिलाफ ओडिशा ने अपनी पहली पारी में 230/4 का स्कोर बना लिया था। गोविंदा पोद्दार 80 और बिपलब सामंतराय 41 रन बनाकर नाबाद थे।

मध्य प्रदेश के खिलाफ हिमाचल प्रदेश की टीम पहली पारी में 169 पर ढेर हो गई, जिसमें ऋषि धवन ने 50 रन बनाये। जवाबी पारी में मध्य प्रदेश ने 68/4 का स्कोर बना लिया था।

उत्तराखंड के खिलाफ जम्मू एंड कश्मीर ने अपनी पहली पारी में 168/2 का स्कोर बना लिया था। विवरान्त शर्मा 78 और अब्दुल समद 31 रन बनाकर नाबाद थे।

दिल्ली के खिलाफ बड़ौदा ने 202/1 का स्कोर बनाया, जिसमें ज्योतसनील सिंह ने नाबाद 124 रनों की पारी खेली।

प्लेट ग्रुप

मेघालय के खिलाफ सिक्किम ने अपनी पहली पारी में 238/7 का स्कोर बनाया। अंकुर मलिक 58 रन बनाकर नाबाद थे।

हैदराबाद के खिलाफ मिजोरम की पारी 199 पर सिमट गई। जवाब में हैदराबाद ने 120/1 का स्कोर बना लिया था, जिसमें कप्तान राहुल सिंह 81 रन बनाकर नाबाद थे।

अरुणाचल प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 124 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में नागालैंड ने 26/2 का स्कोर बना लिया था।

Quick Links

App download animated image Get the free App now