पृथ्वी शॉ का रिकॉर्ड तोड़ शतक, चेतेश्वर पुजारा की बेहतरीन शतकीय पारी, संजू सैमसन रहे फ्लॉप 

(Photo Courtesy: : X/@MumbaiCricAssoc)
(Photo Courtesy: : X/@MumbaiCricAssoc)

Ranji Trophy 2023-24 के छठे राउंड की शुरुआत आज से हुई। इस राउंड में कुल मिलाकर 18 मैच खेले जा रहे हैं, जिसमें ग्रुप ए, बी, सी, डी के चार-चार और प्लेट ग्रुप के दो सेमीफाइनल मुकाबले शामिल हैं। प्रमुख खिलाड़ियों में मुंबई के पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) ने एक बेहतरीन पारी खेली और 150 से ज्यादा रन बनाये। अपनी पारी के दौरान शॉ पहले ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन गए, जिन्होंने पहले दिन के खेल के लंच से पहले दो बार शतक लगाने का कारनामा किया। वहीं, सौराष्ट्र के अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) ने अपने फर्स्ट क्लास करियर का 62वां शतक जड़ा। हालाँकि, केरल के कप्तान संजू सैमसन फ्लॉप रहे और सिर्फ 8 रन बनाये। इसके अलावा कई और बल्लेबाजों ने बेहतरीन पारियां खेली और पहला दिन उन्हीं के नाम रहा।

आइये नज़र डालते हैं रणजी ट्रॉफी के छठे राउंड के पहले दिन के राउंड अप पर:

एलिट, ग्रुप ए

झारखंड के खिलाफ हरियाणा ने 338/6 का स्कोर बनाया। अंकित कुमार ने 109 रनों की पारी खेली, जबकि राहुल तेवतिया 51 रन बनाकर नाबाद थे।

राजस्थान के खिलाफ सौराष्ट्र ने चेतेश्वर पुजारा के 110 और शेल्डन जैक्सन के 78 रनों की पारी की बदौलत 242/4 का बना लिया था।

विदर्भ के खिलाफ महाराष्ट्र की पहली पारी 208 पर सिमट गई, जिसमें मनोज इंगले ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाये। वहीं, आदित्य सरवटे ने 3 विकेट झटके। जवाब में विदर्भ ने अपनी पहली पारी में 111/1 का स्कोर बनाया। ध्रुव शोरे 55 और यश राठौड़ 29 रन बनाकर जमे हुए थे।

सर्विसेज के खिलाफ मणिपुर अपनी पहली पारी में सिर्फ 67 का स्कोर बनाकर ढेर हो गई। जवाबी पारी में सर्विसेज ने 191/3 का स्कोर बना लिया था, जिसमें रवि चौहान 87 और कप्तान रजत पालीवाल 62 रन बनाकर नाबाद थे।

एलिट, ग्रुप बी

बिहार के खिलाफ असम ने पहले दिन 235/5 का स्कोर बनाया। अभिषेक ठाकुरी 77 रन बनाकर नाबाद थे।

छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुंबई ने 310/4 का स्कोर बना लिया था, जिसमें पृथ्वी शॉ ने 185 गेंदों में 159 रनों की पारी खेली। वहीं, भूपेन लालवानी ने 102 रन बनाये, जबकि कप्तान अजिंक्य रहाणे सिर्फ 1 रन बना पाए।

बंगाल के खिलाफ केरल ने 265/4 का स्कोर बनाया। सचिन बेबी का शानदार फॉर्म बरकरार रहा और उन्होंने 110 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, अक्षय चन्दन भी 76 रन बनाकर नाबाद थे।

उत्तर प्रदेश के खिलाफ आंध्रा ने 236/4 का स्कोर बनाया। कप्तान रिकी भुई 90 और करन शिंदे 45 रन बनाकर नाबाद थे।

एलिट, ग्रुप सी

तमिलनाडु के खिलाफ कर्नाटक ने 288/5 का स्कोर बना लिया था, जिसमें देवदत्त पडीक्कल के नाबाद 151 रन शामिल रहे।

पंजाब के खिलाफ गुजरात ने 250/8 का स्कोर बना लिया था। प्रियांक पांचाल ने सबसे ज्यादा 77 रनों की पारी खेली।

गोवा के खिलाफ रेलवे ने पहले दिन 293/9 का स्कोर बना लिया था। कप्तान उपेंद्र यादव ने 91 रन बनाये। वहीं, दीपराज गाओंकर ने 3 विकेट लिए।

त्रिपुरा के खिलाफ चंडीगढ़ ने कप्तान मनन वोहरा के 134 रनों की मदद से 282/6 का स्कोर बना लिया था।

एलिट, ग्रुप डी

ओडिशा के खिलाफ उत्तराखंड ने 232/3 का स्कोर बनाया। वैभव भट्ट ने नाबाद 101 और कप्तान जीवनजोत सिंह ने 90 रन बनाये।

बड़ौदा के खिलाफ मध्य प्रदेश ने हिमांशु मंत्री के 111 रनों की बदौलत 314/6 का स्कोर बना लिया था।

दिल्ली ने अपनी पहली पारी में 264 का स्कोर बनाया, जिसमें कप्तान हिम्मत सिंह ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाये, वहीं विनय गालेटिया ने 5 विकेट अपने नाम किये। जवाब में हिमाचल प्रदेश ने 24/1 का स्कोर बना लिया था।

पांडिचेरी के खिलाफ जम्मू एंड कश्मीर की पहली पारी 106 पर सिमट गई। जवाब में पांडिचेरी ने 172 का स्कोर बनाया। दूसरी पारी में जम्मू एंड कश्मीर ने 0/1 का स्कोर बनाया।

प्लेट ग्रुप

पहले सेमीफाइनल में नागालैंड के खिलाफ हैदराबाद ने 383/5 का स्कोर बना लिया था। तन्मय अग्रवाल ने 164 और कप्तान तिलक वर्मा ने 101 रन बनाये।

दूसरे सेमीफाइनल में मिजोरम की पहली पारी 144 के स्कोर पर ढेर हो गई, जवाब में मेघालय ने 115/5 का स्कोर बना लिया था।

Quick Links

App download animated image Get the free App now