Ranji Trophy Final: मुंबई के गेंदबाजों ने विदर्भ की पहली पारी को मामूली स्कोर पर समेटा, कप्तान अजिंक्य रहाणे ने दिलाई बड़ी बढ़त

(Photo Courtesy: BCCI Domestic)
(Photo Courtesy: BCCI Domestic)

रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) 2023-24 के फाइनल मुकाबले में दूसरे दिन के खेल के बाद मुंबई ने विदर्भ के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। आज विदर्भ की पहली पारी 105 पर सिमट गई और मुंबई को अपनी पारी के आधार पर 119 रनों की अहम बढ़त हासिल हुई। दिन का खेल समाप्त होने तक मुंबई ने अपनी दूसरी पारी में 141/2 का स्कोर बना लिया था और उसकी कुल बढ़त 260 की हो गई थी। क्रीज पर कप्तान अजिंक्य रहाणे 58 और मुशीर खान 51 रन बनाकर नाबाद थे।

पहले दिन के स्कोर 31/3 से आगे खेलते हुए विदर्भ को 39 के स्कोर पर धवल कुलकर्णी ने चौथा झटका दिया और अथर्व तायडे 23 रन बनाकर चलते बने। आदित्य ठाकरे और यश राठौड़ ने 40 रनों की साझेदारी की, जिससे स्कोर 79 तक पहुंचा। इस साझेदारी को शम्स मुलानी ने तोड़ा और आदित्य 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान अक्षय वाडकर 5 और हर्ष दुबे 1 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गए। राठौड़ भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए और 27 रन बनाकर तनुष कोटियन का शिकार बने। यश ठाकुर के बल्ले से 16 रन आये और वह 104 के स्कोर पर आउट हुए। 46वें ओवर में 105 के स्कोर पर आखिरी विकेट के रूप में उमेश यादव पवेलियन लौटे, जिनके बल्ले से 2 रन आये। मुंबई की तरफ से धवल कुलकर्णी, शम्स मुलानी और तनुष कोटियन ने तीन-तीन विकेट चटकाए।

दूसरी पारी में मुंबई की शुरुआत भी खास नहीं रही और पृथ्वी शॉ 18 गेंदों में 11 रन बनाकर यश ठाकुर की इनस्विंगर पर बोल्ड हो गए। दूसरे ओपनर भूपेन लालवानी भी ज्यादा देर नहीं टिके और 18 रन बनाकर 38 के स्कोर पर चलते बने। यहाँ से कप्तान अजिंक्य रहाणे और मुशीर खान की जोड़ी ने मोर्चा संभाला। इन दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये एवं स्टंप्स तक कोई भी विकेट नहीं गिरने दिया।

Quick Links