रणजी ट्रॉफी राउंड अप: मयंक अग्रवाल ने एक और शतक जड़ा, पृथ्वी शॉ की धुआंधार पारी की बदौलत मुंबई ने त्रिपुरा को हराया

रणजी ट्रॉफी 2017-18 सीजन के सातवें राउंड का आज तीसरा दिन था। मयंक अग्रवाल ने रेलवे के खिलाफ मैच का दूसरा और चार मैचों में पांचवां शतक लगाया। पिछले साल भारत के लिए डेब्यू करने वाले फैज़ फज़ल ने विदर्भ की तरफ से दोहरा शतक लगाया। मुंबई ने त्रिपुरा को 10 विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, वहीं महाराष्ट्र ने असम को 7 विकेट से हराया। आइये नज़र डालते हैं तीसरे दिन के खेल पर: ग्रुप ए: # हैदराबाद vs दिल्ली दिल्ली के 411 के जवाब में हैदराबाद की पहली पारी 205 रनों पर सिमटी। फॉलोऑन पारी में हैदराबाद ने अक्षत रेड्डी के 107* रनों की बदौलत 233/2 का स्कोर बना लिया है और अब 23 रनों से आगे हैं। # रेलवे vs कर्नाटक रेलवे ने पहली पारी में महेश रावत के 124 रनों की बदौलत 333 रन बनाये और कर्नाटक को पहली पारी में 101 रनों की बढ़त मिली। दूसरी पारी में कर्नाटक का स्कोर 208/1 है और मयंक अग्रवाल (104*) ने मैच में अपना दूसरा शतक लगाया। आर समर्थ ने भी 56 रनों की पारी खेली। # महाराष्ट्र vs असम प्रदीप दाढ़े के 5 विकेट की बदौलत महाराष्ट्र ने असम को दूसरी पारी में 189 रनों समेट दिया और जीत के लिए मिले 216 रनों के लक्ष्य को मैन ऑफ़ द मैच नौशाद शेख (108*) के शतक और अंकित बावने के 52* रनों की बदौलत 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया। ग्रुप बी: # राजस्थान vs सौराष्ट्र राजस्थान की पहली पारी 275 रनों पर सिमटी और सौराष्ट्र को 259 रनों की बड़ी बढ़त मिली। फॉलोऑन करते हुए दूसरी पारी में राजस्थान का स्कोर फ़िलहाल 13/0 है। # झारखंड vs गुजरात गुजरात के 411 के जवाब में झारखंड की पहली पारी 242 रनों पर समाप्त हुई। गुजरात को 169 रनों की बढ़त मिली और झारखंड को फॉलोऑन के लिए बुलाया। दूसरी पारी में झारखंड का स्कोर फ़िलहाल 106/2 है और अभी भी वह 63 रन पीछे हैं। # हरियाणा vs केरल हरियाणा के 208 के जवाब में केरल ने पहली पारी में 389 रन बनाये और 181 रनों की बढ़त ली। अजित चहल ने 5 विकेट लिए। दूसरी पारी में हरियाणा का स्कोर 83/5 है और पारी की हार बचाने के लिए उन्हें अभी भी 98 रनों की जरूरत है। ग्रुप सी: # मुंबई vs त्रिपुरा मुंबई ने पहली पारी 421/8 के स्कोर पर पारी घोषित की और 226 रनों की बढ़त ली। दूसरी पारी में त्रिपुरा की टीम 288 रनों पर सिमटी और मुंबई को जीत के लिए 63 रनों का लक्ष्य मिला। पृथ्वी शॉ ने 26 गेंदों में 50 रनों की धुआंधार पारी खेलकर मुंबई को सिर्फ 6.2 ओवर में ही 10 विकेट से जीत दिला दी। जय बिष्टा को पहली पारी में शतक के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। # मध्य प्रदेश vs ओडिशा पहली पारी में 241 रनों से पीछे चल रही ओडिशा ने दूसरी पारी में 237/4 का स्कोर बना लिया है। शुभ्रांशु सेनापति 78 रन बनाकर नाबाद हैं। # बड़ौदा vs तमिलनाडु तमिलनाडु की पहली पारी 274 रनों पर सिमटी और बड़ौदा को 35 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल हुई। बड़ौदा की दूसरी पारी 197 रनों पर समाप्त हुई और तमिलनाडु को जीत के लिए 233 रनों का लक्ष्य मिला। तीसरे दिन स्टंप्स के समय तमिलनाडु का स्कोर 2/0 है। ग्रुप डी: # पंजाब vs सेना पंजाब के 645/6 के जवाब में सेना की पहली पारी 315 रनों पर समाप्त हुई। पंजाब को पहली पारी में 330 रनों की विशाल बढ़त हासिल हुई और फॉलोऑन पारी में फिलहाल सेना का स्कोर 118/3 है। # विदर्भ vs हिमाचल प्रदेश विदर्भ ने फैज़ फज़ल के 206 रनों की बदौलत 456 रन बनाये और पहली पारी में 103 रनों की बढ़त ली। दूसरी पारी में हिमाचल प्रदेश का स्कोर 70/3 है। # बंगाल vs गोवा बंगाल के 379 के जवाब में गोवा ने अमोघ देसाई के 103* की बदौलत 310 का स्कोर बनाया। पहली पारी में 69 रनों की बेहद महत्वपूर्ण बढ़त लेने के बाद बंगाल ने दूसरी पारी में 108/3 का स्कोर बना लिया है। अशोक डिंडा ने गोवा की पहली पारी में 5 विकेट लिए थे।